CG News: शक्कर के दाम में राहत, थोक में 50 और चिल्हर में 53-55 रुपए किलो हुआ भाव
CG News: बाजार में लगातार बढ़े शक्कर के दाम अब नीचे आने लगे हैं. कुछ समय पहले जहां शक्कर का भाव 70 रुपए किलो तक पहुंच गया था, वहीं अब थोक बाजार में कीमत करीब 50 रुपए किलो हो गई है. चिल्हर बाजार में शक्कर 53 से 55 रुपए किलो तक बिक रही है. करीब 15 दिन पहले चिल्हर में भाव 65 रुपए और थोक में लगभग 55 रुपए किलो था. इस तरह एक महीने के भीतर शक्कर की कीमत में करीब 10 से 15 रुपए प्रति किलो तक की कमी दर्ज की गई है.

केंद्र की सख्ती से कारोबार पर बढ़ी निगरानी
थोक कारोबारियों के मुताबिक, शक्कर के दाम घटने की एक प्रमुख वजह बाजार में आपूर्ति का बढ़ना और केंद्र सरकार की सख्ती है. खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने शक्कर कारोबारियों के पंजीयन से जुड़े नियम कड़े किए हैं. नए निर्देशों के अनुसार, 15 सितंबर 2026 तक पंजीयन नहीं कराने वाले डीलरों को मिलों से शक्कर नहीं मिलने की स्थिति रहेगी. माना जा रहा है कि इस व्यवस्था से अनियंत्रित खरीद और जमाखोरी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों से आती है शक्कर
छत्तीसगढ़ शुगर ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल के अनुसार, राजधानी के बड़े कारोबारियों को महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों की चीनी मिलों से शक्कर मंगानी पड़ती है. केंद्र सरकार ने मिलों के स्तर पर भी नियमों को सख्त किया है, जिससे बाजार में शक्कर की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था पर निगरानी बढ़ी है. थोक भाव अब 50 रुपए किलो तक पहुंच गया है. कारोबारियों का कहना है कि यदि बाजार में आपूर्ति इसी तरह बनी रही, तो त्योहारी सीजन में शक्कर के दाम और नीचे आ सकते हैं.
डीलरों के लिए नए नियम लागू
सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक सभी शुगर डीलरों को DFPD पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा. डीलरों को हर शुक्रवार अपने स्टॉक की जानकारी भी पोर्टल पर घोषित करनी होगी. 15 सितंबर 2026 से शुगर मिलें केवल पोर्टल पर रजिस्टर्ड और स्टॉक घोषित करने वाले डीलरों को ही शक्कर बेच सकेंगी. इसके अलावा हर महीने मिलने वाला शुगर कोटा दो हिस्सों में आएगा और पहले 15 दिनों के स्टॉक में कम से कम 40 प्रतिशत हिस्सा बेचने का नियम रखा गया है. सरकार ने डीलरों को यह भी बताया है कि देश में शक्कर के स्टॉक की कमी नहीं है.
जुलाई से सितंबर तक कीमतों में बड़ा बदलाव
शक्कर के थोक और चिल्हर भाव पर नजर डालें तो 28 जुलाई को थोक कीमत 67 रुपए और चिल्हर भाव 70 से 71 रुपए था. 24 अगस्त को यह घटकर थोक में 62 और चिल्हर में 65 रुपए रह गया. 31 अगस्त को थोक भाव 51 और चिल्हर 54 से 55 रुपए तक पहुंच गया, जबकि 1 सितंबर को थोक में 50 और चिल्हर में 53 से 55 रुपए किलो भाव दर्ज किया गया. वहीं 31 अगस्त 2026 के एक अन्य दर्ज आंकड़े में थोक कीमत 46 और चिल्हर 48 रुपए बताई गई है. अलग-अलग बाजारों में कीमतों में अंतर होने के कारण स्थानीय स्तर पर भाव अलग हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: बिजली कनेक्शन की होगी आधार से E-KYC, 7 सितंबर से दफ्तरों में भी सुविधा

