CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड सेवा हुई पूरी तरह ऑनलाइन, अब घर बैठे करें आवेदन
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है. अब नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने, परिवार के नए सदस्य जोड़ने और नाम हटाने की प्रक्रिया सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पूरी की जा सकेगी. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत देना और पूरी प्रक्रिया को आसान व पारदर्शी बनाना है.

ऑनलाइन और लोक सेवा केंद्र, दोनों विकल्प उपलब्ध
नई व्यवस्था के तहत नागरिक सेवा-सेतु पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जिन लोगों के पास इंटरनेट या ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र की मदद से भी आवेदन जमा कर सकते हैं. इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
इन श्रेणियों के लिए जरूरी होंगे प्रमाण-पत्र
खाद्य विभाग के अनुसार, अंत्योदय राशन कार्ड के लिए विशेष पिछड़ी जनजाति, विधवा या एकाकी महिला, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति, दिव्यांग, निराश्रित, विमुक्त बंधुआ मजदूर और आवासहीन व्यक्तियों को संबंधित सक्षम प्राधिकारी का प्रमाण-पत्र देना होगा. वहीं, प्राथमिकता राशन कार्ड के लिए भूमिहीन कृषि मजदूर, सीमांत और लघु किसान, असंगठित श्रमिक तथा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे.
राशन लेने से पहले ई-केवाईसी जरूरी
राशन कार्ड जारी होने के बाद परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा. यह प्रक्रिया उचित मूल्य की दुकान या फेस ई-केवाईसी के माध्यम से पूरी की जा सकती है. यदि ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो भविष्य में राशन वितरण का लाभ लेने में परेशानी आ सकती है.
ऑनलाइन मिलेगा आवेदन का स्टेटस और डिजिटल कार्ड
आवेदन जमा करने के बाद आवेदक को एक रसीद क्रमांक मिलेगा, जिसकी मदद से वह अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र हितग्राहियों को डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त राशन कार्ड जारी किया जाएगा. इसे सेवा-सेतु पोर्टल, संबंधित कार्यालय या लोक सेवा केंद्र से डाउनलोड भी किया जा सकेगा, सरकार का मानना है कि ऑनलाइन व्यवस्था से राशन कार्ड सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी, समय की बचत होगी और लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. साथ ही, प्रशासन का प्रयास रहेगा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक इस नई सुविधा की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचे, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इसका लाभ उठा सकें.

