CG News: मुख्यमंत्री निवास में रक्षाबंधन की धूम, CM साय को महिलाओं ने बांधी राखी
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री निवास पर रक्षाबंधन का पर्व बेहद आत्मीय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया. समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचीं माताओं और बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें अपना स्नेह व आशीर्वाद दिया. मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि उनका स्नेह उनके लिए बेहद अनमोल है.

बहनों के सम्मान और सुरक्षा का लिया संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीय रिश्ते का पवित्र पर्व है. यह त्योहार भाई को बहन के सम्मान, सुरक्षा और सुख-दुःख में हमेशा साथ खड़े रहने की जिम्मेदारी का एहसास कराता है. उन्होंने कहा कि बहनों का आशीर्वाद उन्हें प्रदेश की माताओं और बहनों के कल्याण के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है.

विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं ने बांधी राखी
कार्यक्रम में स्वर्गीय कर्नल अशोक कुमार दुबे की पत्नी सरला दुबे ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी. इसके अलावा ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सविता दीदी और स्मृति दीदी, पद्मश्री डॉ. उषा बारले, महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित महिला पत्रकारों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, लखपति दीदियों, ड्रोन दीदियों, ई-रिक्शा दीदियों और दिव्यांग बहनों ने भी मुख्यमंत्री को राखी बांधी.
जवानों के सम्मान से जोड़ा रक्षाबंधन
मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर में आयोजित स्नेह की डोर कार्यक्रम का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन को देश और प्रदेश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता से जोड़ना बेहद सुखद अनुभव रहा. इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों का भी विशेष स्वागत किया और कहा कि पत्रकारिता साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से जुड़ा क्षेत्र है, जिसमें महिला पत्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं.

महतारी वंदन से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ समेत देशभर में धान खरीदी की बदलेगी व्यवस्था, AI से होगी जांच और 100% ऑनलाइन सत्यापन



