CG News: राजनांदगांव बना सोलर पावर का मॉडल जिला, सूरज की रोशनी से रोशन घर
CG News: छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव जिला स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते यह जिला देश में सर्वाधिक सोलर क्षमता वाले कनेक्शन स्थापित करने वाला अग्रणी जिला बन गया है। गांवों से लेकर शहरों तक लोग तेजी से सौर ऊर्जा को अपना रहे हैं।
![]()
प्रशासनिक प्रयासों से मिली सफलता
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है। योजना के प्रति लोगों में जागरूकता और भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
हजारों घरों में पहुंची सौर ऊर्जा
जिले में अब तक 6,776 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 6,381 हितग्राहियों ने वेंडर का चयन कर लिया है। वहीं 3,255 घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं और 2,218 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान किया गया है।
मेगावाट स्तर पर बढ़ी ऊर्जा क्षमता
राजनांदगांव में घरेलू, व्यावसायिक और बड़े पावर प्लांट्स के माध्यम से सौर ऊर्जा क्षमता तेजी से बढ़ी है। घरेलू कनेक्शनों से लगभग 9 मेगावाट, व्यावसायिक कनेक्शनों से 3.40 मेगावाट और पावर प्लांट्स के जरिए 383 मेगावाट क्षमता विकसित की गई है।
देश का बड़ा सोलर प्रोजेक्ट
ढाबा क्षेत्र में स्थापित मेसर्स सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का 160 मेगावाट क्षमता वाला सोलर प्रोजेक्ट इस उपलब्धि का सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसे देश के प्रमुख सौर संयंत्रों में शामिल किया जा रहा है, जिला प्रशासन द्वारा सोलर ऊर्जा अपनाने वाले हितग्राहियों को सम्मानित किया जा रहा है, जिससे अन्य नागरिक भी इस योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

