CG News: रायपुर को मिली तीन नई मेमू ट्रेनों की सौगात, रायपुर-रावघाट और रायपुर-कुरुद मार्ग पर चलेंगी ट्रेनें
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और उसके आसपास के इलाकों में रेल यात्रियों की सुविधाओं का दायरा बढ़ाते हुए रेल मंत्रालय ने तीन नई मेमू (MEMU) ट्रेनों के संचालन को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है, रेलवे के इस महत्वपूर्ण फैसले के तहत रायपुर से रावघाट के बीच एक नई ट्रेन और रायपुर से कुरुद के बीच दो नई मेमू ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, लंबे समय से इन मार्गों पर नियमित आवागमन करने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा वर्ग, विद्यार्थियों और व्यापारियों द्वारा बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर लिया गया है, इन नई ट्रेनों के चलने से यात्रियों का सफर न केवल सुगम होगा बल्कि उन्हें सड़क मार्ग के यातायात के दबाव से भी काफी हद तक राहत मिलेगी.

रेल मंत्रालय ने दी हरी झंडी
जानकारी के मुताबिक, रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रायपुर से रावघाट तथा कुरुद के बीच नई रेल सेवाएं शुरू करने का विशेष आग्रह किया था, सांसद के इस प्रस्ताव पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री ने पत्र के माध्यम से इसकी औपचारिक जानकारी दी है कि रेल मंत्रालय ने तीनों नई रेलगाड़ियों के परिचालन को हरी झंडी दे दी है.
दैनिक यात्रियों, किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ
इन तीनों नई मेमू ट्रेनों के शुरू होने से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मैदानी हिस्सों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा, इस मार्ग पर रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्र-छात्राओं, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में बहुत बड़ी सहूलियत मिलने की उम्मीद है, सड़क मार्गों पर बसों और अन्य वाहनों की निर्भरता कम होने से यात्रियों के समय की बचत होगी और सफर भी किफायती व सुरक्षित हो जाएगा, आधुनिक सुविधाओं से लैस इन मेमू ट्रेनों के संचालन से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों और आवाजाही को भी नया गति मिलने की पूरी संभावना है.
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
नई रेल सेवाओं की स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया है, उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र और छत्तीसगढ़ में यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार करना तथा रेल संपर्क को सुदृढ़ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, क्षेत्रीय जनता और यात्रियों में भी इन नई ट्रेनों की सौगात मिलने के बाद से काफी उत्साह देखा जा रहा है, और जल्द ही इनके संचालन की विधिवत शुरुआत होने की उम्मीद है.

One Response