CG News: ‘मानचित्र निर्माण के सिद्धांत’ पुस्तक का विमोचन, उच्च शिक्षा मंत्री बोले- रट्टू ज्ञान नहीं, कौशल विकास है भविष्य
CG News: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने ‘मानचित्र निर्माण के सिद्धांत’ पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक भूगोल और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है।
दो शिक्षाविदों ने लिखी महत्वपूर्ण पुस्तक
इस पुस्तक का लेखन प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. राजू चंद्राकर और डॉ. लोकेश पटेल ने किया है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार की गई यह पुस्तक मानचित्र निर्माण और भूगोल के विषयों को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाने का प्रयास करती है।
कौशल आधारित शिक्षा पर जोर
विमोचन समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक और कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में रट्टू ज्ञान की जगह स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
विद्यार्थियों के लिए होगी उपयोगी
मंत्री ने विश्वास जताया कि यह पुस्तक विद्यार्थियों को मानचित्र कला (कार्टोग्राफी) के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं को समझने में मदद करेगी। साथ ही यह आधुनिक शिक्षा पद्धति के अनुरूप सीखने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
मातृभाषा में अकादमिक सामग्री का स्वागत
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मातृभाषा और सरल भाषा में तैयार की गई उच्च स्तरीय अकादमिक पुस्तकों को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक पहल बताया।
पद्मश्री जागेश्वर यादव ने की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी जागेश्वर यादव ने लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में ऐसे रचनात्मक प्रयास युवाओं को नई दिशा देने का काम करते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं, लेखकों के अनुसार पुस्तक में आधुनिक मानचित्र निर्माण तकनीकों, अक्षांश-देशांतर के व्यावहारिक उपयोग और भौगोलिक आंकड़ों के सटीक प्रस्तुतीकरण को सरल एवं रोचक शैली में प्रस्तुत किया गया है। इससे विद्यार्थियों को विषय को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।


