CG News: पद्मश्री जागेश्वर यादव के संघर्ष और सेवा को समर्पित ‘बिरहोर जननायक’ पुस्तक, मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया प्रेरणास्रोत
CG News: राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा से लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी जागेश्वर यादव के जीवन और संघर्षों पर आधारित अपनी नई पुस्तक ‘बिरहोर जननायक’ की प्रति मंत्री को भेंट की।
सेवा और समर्पण की गाथा है ‘बिरहोर जननायक’
पुस्तक में विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के उत्थान के लिए किए गए कार्यों और पद्मश्री जागेश्वर यादव के सामाजिक जीवन की प्रेरक यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। यह कृति समाज सेवा, मानवता और समर्पण की एक जीवंत मिसाल को सामने लाती है।
मंत्री ने की सराहना
मंत्री टंक राम वर्मा ने पुस्तक का अवलोकन करते हुए कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन सेवा, करुणा, समर्पण और मानवता के उच्चतम आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
1980 से कर रहे हैं काम
जशपुर जिले में ‘बिरहोर के भाई’ के नाम से प्रसिद्ध जागेश्वर यादव वर्ष 1980 से बिरहोर समुदाय की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, सामाजिक जागरूकता और मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से समुदाय में शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
युवाओं और शोधार्थियों के लिए प्रेरक दस्तावेज
लेखक डॉ. लोकेश पटेल के अनुसार यह पुस्तक केवल जीवनी नहीं, बल्कि समाज सेवा और सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानी है। पुस्तक युवाओं, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को समाज के वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देती है।
समाज सेवा का जीवंत उदाहरण
‘बिरहोर जननायक’ में यह दर्शाया गया है कि किस तरह दृढ़ संकल्प, निस्वार्थ सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। पुस्तक बिरहोर समुदाय के विकास और संघर्ष की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक जानकारी भी प्रदान करती है, मंत्री टंक राम वर्मा ने इस शोधपरक और प्रेरणादायी कृति के लिए लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए मार्गदर्शक साबित होगी।




