CG News: महिलाओं के सफर को सुरक्षित और आसान बनाने की तैयारी, छत्तीसगढ़ में शुरू होगी ई-बस सेवा
CG News: छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की तैयारी शुरू हो गई है. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ई-बस सेवा के संचालन की योजना पर काम किया जा रहा है. इससे महिलाओं को शहरों में आने-जाने के लिए बेहतर और आरामदायक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है.

अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया समेत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान ई-बस सेवा की अब तक की तैयारियों और संचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई.
महिलाओं की जरूरत के हिसाब से बनेंगे रूट
बैठक में ई-बसों के रूट तय करने पर विशेष चर्चा हुई. ऐसे इलाकों को प्राथमिकता देने की बात कही गई, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है. स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और प्रमुख संस्थानों को जोड़ने वाले मार्गों पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को रोजाना आवागमन में आसानी हो.
चार शहरों में 240 बसों को मंजूरी
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली है. ये बसें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में संचालित की जाएंगी. इन बसों के संचालन से शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.
बस स्टॉप, डिपो और चार्जिंग स्टेशन पर फोकस
ई-बस सेवा के लिए रूट प्लान के साथ बस स्टॉप, डिपो और चार्जिंग स्टेशन तैयार करने पर भी काम किया जा रहा है. अधिकारियों ने इन सुविधाओं के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन जल्द पूरा करने पर जोर दिया है. योजना लागू होने के बाद चारों शहरों में आधुनिक परिवहन सुविधा बढ़ेगी और महिलाओं के लिए सुरक्षित सफर का विकल्प भी मजबूत होगा.



