CG News: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
CG News: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार भी 15 अगस्त का मुख्य कार्यक्रम राजधानी रायपुर में भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
रायपुर में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। समारोह को सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, स्वतंत्रता दिवस समारोह में शानदार परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों के चयन और अभ्यास की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को दी गई है। वहीं, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और पार्किंग की जिम्मेदारी पुलिस विभाग संभालेगा।
मंच और व्यवस्थाओं की तैयारी
समारोह स्थल पर साफ-सफाई, मंच निर्माण, पंडाल व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था नगर निगम रायपुर द्वारा की जाएगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग मिलकर करेंगे, इस बार स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में वंदे मातरम् को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यक्रमों में इसका गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगा।
जिला स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम
राज्य स्तरीय समारोह के अलावा जिला और तहसील स्तर पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा भी जल्द तैयार की जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी करेगा, बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारियों के साथ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल और व्यवस्थित बनाने की पूरी तैयारी शुरू कर दी है। इस बार भी प्रदेश में आजादी का पर्व पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा।



