CG News: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज, 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर के तूता में होगा भव्य आयोजन
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर आगामी 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समीक्षा तेज हो गई है, नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई, बैठक में राज्योत्सव के मुख्य आयोजनों के साथ-साथ भव्य राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों का बिंदुवार जायजा लिया गया और समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए गए.

केंद्रीय थीम पर आधारित होंगी विकास प्रदर्शनी
मुख्य सचिव ने शासन के सभी प्रमुख विभागों को निर्देशित किया है कि वे विभागीय प्रदर्शनियों के लिए 22 अक्टूबर तक अपनी विस्तृत कार्ययोजना अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें, इस वर्ष राज्योत्सव को एक विशेष केंद्रीय थीम पर आयोजित करने पर बल दिया गया है, जिसके तहत ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत तथा ‘अंजोर छत्तीसगढ़’ जैसे प्रमुख विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, इन प्रदर्शनियों का मुख्य उद्देश्य राज्य के भविष्य की विकास दिशा और अब तक की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा.
संस्कृति विभाग बना नोडल
राज्योत्सव 2026 के भव्य मंच से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को कुल 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, मुख्य सचिव ने सभी संबंधित चयन समितियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पारदर्शी प्रक्रिया अपनाकर पुरस्कार विजेताओं के चयन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, पूरे राज्योत्सव और अलंकरण समारोह के सफल संचालन हेतु संस्कृति विभाग को नोडल विभाग घोषित किया गया है, यह भव्य आयोजन नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम-तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में प्रस्तावित है.
विभिन्न विभागों को बांटी गईं आधारभूत ढांचे की जिम्मेदारियां
मेला स्थल के ले-आउट, डोम व विशाल पंडाल निर्माण, स्टॉल आवंटन और विकास प्रदर्शनियों की स्थापना के लिए CSIDC, NRDA तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसके अतिरिक्त राज्योत्सव के वृहद प्रचार-प्रसार और पत्रकारों के लिए हाईटेक मीडिया सेंटर की स्थापना का काम जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स (CHiPS) द्वारा किया जाएगा, ताकि आयोजन की हर एक गतिविधि का सुचारू प्रसारण सुनिश्चित हो सके.
नागरिक सुविधाओं, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार
राज्योत्सव में आने वाले लाखों नागरिकों की सुविधा हेतु रायपुर नगर निगम व NRDA को पेयजल, स्वच्छता और स्पेशल सिटी बसों के परिचालन का दायित्व सौंपा गया है, वहीं रायपुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन और अग्निशमन के कड़े इंतजाम करने को कहा गया है, इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे मेडिकल टीम व एम्बुलेंस तथा ऊर्जा विभाग द्वारा मेला परिसर में बिना किसी बाधा के निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.

One Response