CG News: रायपुर में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, महादेव घाट के कार्यक्रम में शामिल होंगे CM साय
CG News: राजधानी रायपुर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. शुक्रवार से शुरू हुए चार दिवसीय पर्व के दौरान शहर के 50 से अधिक नदी और तालाबों के किनारे श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना करेंगे. खारुन नदी के महादेव घाट, हीरापुर के छुईया तालाब, सड्डू तालाब और बिरगांव के व्यास तालाब सहित कई प्रमुख घाटों पर पूजा की विशेष व्यवस्था की जा रही है. आयोजन समितियों और नगर निगम की ओर से घाटों की सफाई, सजावट और पार्किंग की तैयारियां की जा रही हैं.
महादेव घाट के आयोजन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय
महादेव घाट पर आयोजित छठ महापर्व के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे. छठ महापर्व आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है. यहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा.
देश के अलग-अलग शहरों से पहुंचेंगे कलाकार
महादेव घाट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी. इसके अलावा छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका के साथ आकर्षक झांकियां प्रस्तुत करेगी. इसी शाम घाट पर महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा.
![]()
बिरगांव के व्यास तालाब में उमड़ेंगे हजारों श्रद्धालु
बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज और छठ पूजा समिति की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है. यहां तैयारियां अंतिम चरण में हैं. समिति की ओर से संध्या अर्घ्य और अगले दिन सुबह उषा अर्घ्य के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार पूजा में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-अर्चना और आवागमन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं.
भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित होंगे कार्यक्रम
छठ पूजा समिति के सदस्य कोमल रंजय सिंह के अनुसार, व्यास तालाब में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. इसमें लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. आयोजन समिति के सदस्य श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधाओं को लेकर लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं, हीरापुर के छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से छठ महापर्व का आयोजन किया जाएगा. यहां कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पटना से कलाकार पहुंचेंगे. वहीं, सड्डू में छठ पूजा समिति की ओर से 15 नवंबर की शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें लल्लू महाराज सहित भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे.

प्रशासन ने शुरू की घाटों और पार्किंग की व्यवस्था
महादेव घाट और व्यास तालाब के अलावा आमा तालाब, मच्छी तालाब और नवा रायपुर के झांझ तालाब सहित शहर के कई अन्य जलाशयों पर भी छठ पूजा की जाएगी. जिला प्रशासन, नगर निगम और आयोजन समितियों के सदस्य घाटों की सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कामों में लगे हैं. भीड़ को देखते हुए पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जा रहे हैं, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
