CG News: छत्तीसगढ़ में पर्यटन और खेल को बढ़ावा देने की तैयारी, 1000 करोड़ से ज्यादा निवेश का लक्ष्य
CG News: छत्तीसगढ़ में पर्यटन और खेल के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने दो नए मिशनों पर काम करने की तैयारी की है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को लेकर चर्चा की गई, सरकार का उद्देश्य राज्य के पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है.
)
1000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन के तहत पर्यटन क्षेत्र में करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक के संसाधन जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए 500 करोड़ रुपये का फंड रखने और अन्य स्रोतों से अतिरिक्त राशि जुटाने की योजना है, प्रस्तावित निवेश से प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था पर काम किया जाएगा.
पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
योजना के तहत चित्रकोट जलप्रपात, मैनपाट, सिरपुर, राजिम और हसदेव बांगो जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सड़क, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पार्किंग, सुरक्षा और पर्यटक सहायता केंद्र जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा, इसके अलावा मायाली-बगीचा, चंपारण, सतरेंगा, तीरथगढ़, देवरानी-जेठानी मंदिर, कबीर चबूतरा, केंदई और चिल्फी घाटी जैसे स्थानों को भी पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना है, इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
निजी निवेश को भी मिलेगा मौका
छत्तीसगढ़ में पर्यटकों के ठहरने की अवधि बढ़ाने के लिए करीब 12 हजार नए कमरों की व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य बताया गया है, इसके लिए होटल, रिसॉर्ट और होमस्टे क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल के तहत 10 से 20 परियोजनाओं के जरिए करीब 1000 करोड़ रुपये का निजी निवेश आकर्षित करने की उम्मीद है, सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटक राज्य में केवल कुछ घंटे नहीं, बल्कि कम से कम दो दिन रुककर विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करें.

चार बड़े और 15 छोटे पर्यटन सर्किट बनाने की तैयारी
पर्यटकों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य में चार बड़े और 15 छोटे पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना है, इन मार्गों पर खानपान और ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ करीब 500 स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने का लक्ष्य रखा गया है, इससे पर्यटकों को अलग-अलग स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी और आसपास के छोटे पर्यटन केंद्रों को भी पहचान मिल सकती है.
गांवों से प्रतिभाओं की तलाश
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान करने पर ध्यान दिया जाएगा, प्रस्तावित व्यवस्था में स्कूलों के स्तर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, फीडर सेंटर विकसित करने और खेल अकादमियों तथा उत्कृष्टता केंद्रों की श्रृंखला तैयार करने की योजना है, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, हॉकी, मुक्केबाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन, तैराकी, बैडमिंटन, जूडो और कबड्डी जैसे खेलों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है.
![]()
खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ मिलेगी बेहतर देखभाल
खेल मिशन में खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग देने के साथ पोषण, स्वास्थ्य जांच, फिटनेस प्रशिक्षण और चोट से बचाव जैसी सुविधाओं पर भी जोर दिया जाएगा, इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य से लेकर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के अवसर देना है, हालांकि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशिक्षकों की उपलब्धता, खेल सुविधाओं का विस्तार और खिलाड़ियों को लगातार अभ्यास का अवसर देना महत्वपूर्ण होगा.

विदेशी पर्यटकों की घटती संख्या बनी चुनौती
पर्यटन क्षेत्र के सामने विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाना भी एक अहम चुनौती है, उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ में करीब 3.34 करोड़ घरेलू पर्यटकों के आने का दावा किया गया है, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या 2024 के 3,485 से घटकर 2025 में 926 रह गई, ऐसे में सरकार के सामने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की चुनौती भी है, अब इन दोनों मिशनों की सफलता इस बात से आंकी जाएगी कि योजनाओं को जमीन पर कितनी प्रभावी तरीके से लागू किया जाता है और पर्यटन तथा खेल के क्षेत्र में कितने ठोस अवसर तैयार होते हैं.


One Response