CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली दूरपति राठिया की जिंदगी, कच्चे घर से मिला सुरक्षित पक्का आशियाना
CG News: रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत महलोई निवासी दूरपति राठिया के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने बड़ा बदलाव किया है. मेहनत-मजदूरी कर जीवन चलाने वाली दूरपति लंबे समय से कच्चे मकान में रह रही थीं. सीमित आमदनी के कारण अपने खर्च से पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था. ऐसे में सरकारी आवास योजना उनके लिए उम्मीद का सहारा बनी.

बारिश में रहती थी चिंता
कच्चे मकान में रहते हुए दूरपति को बरसात के दिनों में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था. बारिश होने पर छत से पानी टपकता था और घर के भीतर नमी की समस्या बनी रहती थी. मिट्टी की कमजोर दीवारों के कारण मकान की सुरक्षा को लेकर भी डर रहता था. इसके साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं के घर में आने की आशंका से उनकी चिंता और बढ़ जाती थी.
योजना से पूरा हुआ सपना
प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण, के तहत दूरपति का आवास स्वीकृत हुआ. शासन से मिली सहायता राशि की मदद से उनके लिए पक्के मकान का निर्माण कराया गया. लंबे समय से सुरक्षित घर की उम्मीद लगाए बैठी दूरपति का सपना आखिरकार पूरा हुआ. अब उनके पास ऐसा आशियाना है, जहां वह मौसम की परेशानी से काफी हद तक सुरक्षित रहकर अपना जीवन आगे बढ़ा सकती हैं.
घर के साथ मिला सम्मान
पक्का आवास मिलने के बाद दूरपति के जीवन में सुरक्षा के साथ सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ा है. पहले बारिश आते ही उन्हें घर की छत और दीवारों की चिंता सताती थी, लेकिन अब वह अपने पक्के मकान में राहत महसूस करती हैं. उनके लिए यह घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया है.
जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा लाभ
दूरपति राठिया की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो उनके जीवन में वास्तविक बदलाव आता है. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. ऐसे परिवारों के लिए यह योजना सुरक्षित छत के साथ बेहतर जीवन और सम्मान की उम्मीद भी लेकर आ रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: अंबिकापुर की सुभद्रा मंडल ने शुरू की खीरे की खेती, बिहान से मिली आर्थिक मदद बनी आत्मनिर्भरता की राह



