CG News: PM आवास योजना के हितग्राहियों को मिलेगी 15 घन मीटर मुफ्त रेत, राजनांदगांव में ई-रेत संगवारी व्यवस्था लागू
CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए निशुल्क रेत उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को घर बनाने में आर्थिक सहायता मिलेगी. साथ ही आवास निर्माण कार्यों को गति देने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

पांच ट्रिप में मिलेगी कुल 15 घन मीटर रेत
शासन की ‘ई-रेत संगवारी’ व्यवस्था के तहत पात्र हितग्राहियों को उनके आवास की भौतिक स्थिति और वास्तविक जरूरत के अनुसार कुल पांच ट्रिप रेत दी जाएगी. प्रत्येक ट्रिप में तीन घन मीटर रेत उपलब्ध कराई जाएगी. इस तरह एक हितग्राही को अधिकतम 15 घन मीटर निशुल्क रेत मिलेगी. इसके लिए पंचायत स्तर पर नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी हितग्राहियों को रेत उत्खनन की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे.

ई-रेत संगवारी ऐप और पोर्टल से होगा वितरण
रेत वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए ‘ई-रेत संगवारी’ ऐप और पोर्टल का उपयोग किया जाएगा. जिला स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि जनपद पंचायत स्तर पर सहायक प्रोग्रामर को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इस व्यवस्था को जमीन पर लागू करने के लिए जनपद पंचायतों के तकनीकी सहायकों, ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को ऐप तथा पोर्टल के संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है. ये कर्मचारी पात्र हितग्राहियों को आवेदन और अनुमति से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने में मदद करेंगे.

अवैध रेत उत्खनन पर नियंत्रण में मिलेगी मदद
डिजिटल माध्यम से रेत वितरण होने पर पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा. इससे आवास निर्माण के लिए पात्र परिवारों को जरूरत के मुताबिक रेत उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी. साथ ही रेत के अवैध उत्खनन और अनधिकृत उपयोग पर नियंत्रण रखने में भी मदद मिलने की उम्मीद है, जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रदेश के आवासहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का वादा किया गया था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार पात्र और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

जिले में 41 हजार से अधिक आवास बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राजनांदगांव जिले में वित्तीय वर्ष 2024 से 2026 तक कुल 41,256 आवासों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इनमें से 40,476 आवासों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. अब तक 35,060 मकानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है. इस तरह स्वीकृत आवासों में 86.6 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई है, जिले में स्वीकृति प्राप्त आवासों में से शेष 5,416 मकानों का निर्माण कार्य अभी प्रगतिरत है. प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. पात्र हितग्राहियों को निशुल्क रेत उपलब्ध कराने की व्यवस्था से इन मकानों के निर्माण में भी सहायता मिलने की उम्मीद है.

One Response