CG News: नक्सल प्रभावित इलाकों में बदली तस्वीर, प्रधानमंत्री मोदी ने गिनाईं विकास और विश्वास की उपलब्धियां
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश में नक्सलवाद और माओवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार के लगातार प्रयासों से उन क्षेत्रों में भी शांति और विकास का माहौल बना है, जहां कभी हिंसा और भय का दबदबा था।
विकास कार्यों को रोकने की होती थी कोशिश
प्रधानमंत्री ने बताया कि पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क निर्माण, बिजली, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में लगातार बाधाएं खड़ी की जाती थीं। हिंसा के जरिए परियोजनाओं को नुकसान पहुंचाया जाता था और आम लोगों को विकास से दूर रखा जाता था, उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनौतियों के बावजूद विकास कार्यों को नहीं रोका। हजारों किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया, दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाए गए और गांवों तक डिजिटल तथा संचार सुविधाएं पहुंचाई गईं। इससे लोगों को बैंकिंग, डाक और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने लगा है।
जनविश्वास जीतना भी रहा प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान केवल सुरक्षा बलों की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा। सरकार ने लोगों का भरोसा जीतने, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया, प्रधानमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्रों में अब बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। जहां कभी हिंसा की खबरें सुर्खियां बनती थीं, वहां आज युवा खेल, शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जुड़ रहे हैं। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बदलाव का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिला है।
बस्तर की नई पहचान बन रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर की पहचान नक्सलवाद नहीं, बल्कि विकास, पर्यटन, खेल, शिक्षा और जनभागीदारी बन रही है। सड़क, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार से लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन और विकास का उदाहरण बनेगा। साथ ही बस्तर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
