CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव
CG News: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष के लिए धान खरीदी की शुरुआत हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर दौरे के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा करने के बाद खुद धान तौलकर खरीद की शुरुआत की. किसानों ने धान से तुलादान कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया.

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है. इसके तहत प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी. किसानों को उपार्जन केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश में 360 नए खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं. इसके साथ ही राज्य में धान उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 3100 हो गई है.

21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी राहत
धान खरीदी के बीच मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण भी दिया. उन्होंने कहा कि जिन पात्र किसानों का उत्पादन कम है और वे प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते, उन्हें भी निर्धारित आदान सहायता राशि का पूरा लाभ मिलेगा. इसके लिए किसान के सत्यापित रकबे को आधार बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती के दौरान आने वाली चुनौतियों को समझते हैं. मौसम और उत्पादन की परिस्थितियों के कारण हर किसान के खेत में एक जैसा धान पैदा नहीं होता, इसलिए किसी पात्र किसान को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा.

15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपये
मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था को उदाहरण के जरिए समझाया. उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे बाकी 6 क्विंटल के बराबर आदान सहायता भी प्रदान की जाएगी. इस तरह किसान को प्रति एकड़ कुल 13 हजार 839 रुपये की निर्धारित सहायता राशि मिलेगी. सरकार का उद्देश्य किसानों की मेहनत का सम्मान करना और खेती को आर्थिक रूप से लाभकारी बनाना है.

पहले दिन तीन किसानों से खरीदा गया 52 क्विंटल धान
बिलासपुर के सेंदरी सेवा सहकारी समिति केंद्र में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीद की गई. इसमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया. तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर केंद्र पहुंचे थे. इस समिति से सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा गांवों के कुल 1,149 किसान जुड़े हुए हैं.

किसानों की सुविधा के लिए बढ़ाए गए खरीदी केंद्र
राज्य सरकार ने धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाने के साथ सुविधाओं पर भी जोर दिया है. मुख्यमंत्री ने केंद्र में मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. सरकार का दावा है कि नई व्यवस्थाओं से किसानों को धान बेचने में आसानी होगी और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा.

One Response