CG News: बिलासपुर में 75 करोड़ से बनेगा CBG प्लांट, CM साय ने किया निरीक्षण
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कचरे के बेहतर उपयोग और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में बड़ी परियोजना विकसित की जा रही है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी में गोवर्धन योजना के तहत निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस यानी CBG संयंत्र का निरीक्षण किया. भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा विकसित किए जा रहे इस प्लांट में शहर से निकलने वाले कचरे को उपयोगी ईंधन और जैविक खाद में बदलने की योजना है.
75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा प्लांट
इस परियोजना पर करीब 75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि संयंत्र में प्रतिदिन लगभग 130 टन नगरीय ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा. इससे रोजाना करीब 5 टन कंप्रेस्ड बायोगैस और 16 टन ठोस जैविक खाद तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से तैयार की जा रही है.
कचरे से बनेगी गैस, कम होगा प्रदूषण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परियोजना की प्रगति और कचरा प्रसंस्करण की प्रस्तावित तकनीक की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बढ़ती मांग को देखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना जरूरी है. कचरे से बायोगैस तैयार करने की ऐसी व्यवस्था शहरों में अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार साबित हो सकती है. इससे कचरे के निस्तारण का दबाव कम होगा और बेकार समझे जाने वाले संसाधनों का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में किया जा सकेगा.

किसानों को भी मिलेगा जैविक खाद का फायदा
इस संयंत्र की एक और खासियत जैविक खाद का उत्पादन है. अधिकारियों के मुताबिक, यहां तैयार होने वाले सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर यानी SFOM का इस्तेमाल जैविक खाद के रूप में किया जा सकेगा. इससे किसानों को खेती के लिए उपयोगी जैविक संसाधन उपलब्ध होंगे. साथ ही मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और रासायनिक संसाधनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी मदद मिल सकती है, परियोजना स्थल पर फिलहाल प्रमुख सिविल कार्यों और आधारभूत ढांचे का निर्माण जारी है. अधिकारियों ने बताया कि निर्माण गतिविधियों के दौरान प्रतिदिन करीब 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है. प्लांट के पूरी तरह तैयार होने के बाद कचरा प्रबंधन, ऊर्जा उत्पादन और जैविक खाद निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
स्वच्छ और हरित छत्तीसगढ़ की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री साय ने इस परियोजना को स्वच्छ एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. उन्होंने कहा कि कचरे को संसाधन में बदलने वाली योजनाएं शहरों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ स्थानीय रोजगार और कृषि क्षेत्र को भी लाभ पहुंचा सकती हैं. निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और धरमलाल कौशिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे.


One Response