CG News: छत्तीसगढ़ में धान की कीमतों में उछाल, महामाया और ओम-3 के दाम ₹3600 के पार
CG News: छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के नए धान की आवक में अभी दो से तीन महीने का समय बाकी है, लेकिन मंडियों में पिछले साल के धान के भाव में भारी तेजी देखी जा रही है. महामाया और ओम-3 जैसी अच्छी मांग वाली पतले किस्म के धान की कीमतें 3,500 रुपये प्रति क्विंटल के आंकड़े को पार कर गई हैं, जो किसानों के लिए काफी उत्साहजनक है.
![]()
एमएसपी से ₹1200 तक ऊपर बिक रहा है प्रीमियम धान
राज्य सरकार द्वारा किसानों को एमएसपी और प्रोत्साहन राशि मिलाकर कुल 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाते हैं. हालांकि, खुले बाजार में अच्छी मांग और गुणवत्ता वाली किस्मों के भाव केंद्रीय न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से करीब 1,100 से 1,200 रुपये प्रति क्विंटल तक ऊपर चल रहे हैं, जिससे किसानों को मंडी में बेहतर दाम मिल रहे हैं.

धमतरी में ओम-3 ₹3,600 के पार
मंडी आंकड़ों के अनुसार, धमतरी एपीएमसी में 1 अक्टूबर को ओम-3 धान 3,550 से 3,600 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका, जिसका औसत भाव 3,595 रुपये रहा. वहीं बीपीटी किस्म का भाव भी 3,500 रुपये के पार दर्ज किया गया. इसी तरह भाटापारा मंडी में 3 अक्टूबर को महामाया किस्म का धान 3,561 रुपये प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड स्तर पर बिका.
सामान्य और डीबी धान के दामों में बड़ा अंतर
एक तरफ जहां पतली और प्रीमियम किस्मों के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं सामान्य किस्म के धान के भाव काफी नीचे हैं. 30 सितंबर को रायपुर एपीएमसी में डीबी धान का भाव 2,180 से 2,200 रुपये और नेवरा मंडी में महामाया 2,000 रुपये दर्ज हुआ. नवापारा में डीबी धान 2,392 से 2,430 रुपये और बलौदाबाजार में 2,000 रुपये प्रति क्विंटल बिका.
किस्म, गुणवत्ता और के हिसाब से असमानता
प्राप्त आंकड़ों से साफ है कि इस समय छत्तीसगढ़ की मंडियों में धान का एक समान बाजार भाव नहीं है. धान की किस्म, उसकी गुणवत्ता, संबंधित मंडी और बाजार की मांग के आधार पर कीमतों में बड़ा अंतर देखा जा रहा है.
