CG News: छत्तीसगढ़ में निवेश की रफ्तार तेज, ₹8 लाख करोड़ के प्रस्ताव, 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य
CG News: छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए सरकार का फोकस अब निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने पर है. 1 नवंबर 2024 से लागू औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के बाद राज्य को करीब ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. सरकार के अनुसार, कई परियोजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है. संबंधित विभाग निवेशकों के साथ लगातार समन्वय कर प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने पर काम कर रहे हैं.

पारंपरिक उद्योगों के साथ नए सेक्टरों पर जोर
छत्तीसगढ़ की पहचान लंबे समय से कोयला, लोहा और इस्पात जैसे पारंपरिक उद्योगों से रही है, लेकिन अब निवेश का दायरा आधुनिक और तकनीक आधारित क्षेत्रों तक बढ़ाया जा रहा है. प्रस्तावित निवेश में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, ग्रीन स्टील, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे सेक्टर शामिल हैं. सरकार का लक्ष्य औद्योगिक गतिविधियों में विविधता लाने के साथ नए रोजगार के अवसर तैयार करना है.
निवेशकों के लिए आसान होगी प्रक्रिया
निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य में वन-क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 लागू किया गया है. इसके जरिए विभिन्न विभागों से मिलने वाली अनुमति और स्वीकृति की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है. सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में 450 से अधिक प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया गया है. वहीं, निवेश परियोजनाओं से करीब 1.72 लाख से 1.9 लाख से अधिक रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है. स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार करने के लिए प्रति कर्मचारी ₹15 हजार तक प्रशिक्षण भत्ते का प्रावधान भी किया गया है.
2030 तक स्टील और स्टार्टअप का बड़ा लक्ष्य
राज्य सरकार ने 2030 तक छत्तीसगढ़ में स्टील उत्पादन को 45 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. इसके साथ स्टील आधारित डाउनस्ट्रीम और वैल्यू एडेड उद्योगों को बढ़ावा देने की योजना है, जिससे सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कारोबार को भी विस्तार मिल सकता है. दूसरी ओर, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में 2030 तक 5 हजार स्टार्टअप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में वर्ल्ड लीडर्स फोरम के दौरान AI, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक विनिर्माण को राज्य की नई अर्थव्यवस्था से जोड़ने की बात कही.
बस्तर में निवेश और रोजगार पर फोकस
औद्योगिक विकास का दायरा बस्तर तक बढ़ाने के लिए पर्यटन, वनोपज, हस्तशिल्प और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है. बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट जैसे आयोजनों के जरिए निवेशकों को क्षेत्र की संभावनाओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है. सरकार का फोकस निवेश के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी है. कुल मिलाकर, करीब ₹8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों के जरिए छत्तीसगढ़ में उद्योग, रोजगार, स्टार्टअप और आधुनिक तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था को विस्तार देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.

One Response