CG News: अब 2 से 4 नवंबर तक होगी सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत सामने आई है. शिक्षक भर्ती परीक्षा के साथ तारीख टकराने के कारण सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम बदल दिया गया है. अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित होगी. इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं.
पहले अक्टूबर में होनी थी परीक्षा
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पहले मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीखें तय की थीं. इसी दौरान 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित थी. दोनों परीक्षाओं की तारीख एक-दूसरे के करीब होने से अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा चयन को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी. कई अभ्यर्थियों को आशंका थी कि वे एक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे.
CM साय ने लिया संज्ञान
अभ्यर्थियों की परेशानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए. इसके बाद आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं, इसलिए तारीख तय करते समय उनकी व्यावहारिक परेशानियों का ध्यान रखना जरूरी है.
4 अगस्त को आया था प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट
सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर परीक्षा 2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया गया था. प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब नवंबर में होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे. संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षा 2 से 4 नवंबर तक चलेगी.
मुख्य परीक्षा के लिए फिर करना होगा आवेदन
मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन की तारीख, प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी नई सूचना के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें.




