CG News: कांकेर के मेंड्रा में 5 माओवादियों के पकड़े जाने की खबर, DVCM चंदर भी शामिल होने की चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से माओवादी गतिविधियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने मेंड्रा इलाके में कार्रवाई करते हुए 5 माओवादियों को पकड़ा है. इनमें डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) चंदर का नाम भी बताया जा रहा है. इसके अलावा माओवादी मंगलू और तीन महिला नक्सलियों के भी पुलिस की गिरफ्त में आने की जानकारी मिल रही है. हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
![]()
लंबे समय से माओवादियों की तलाश में थी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए सभी माओवादी लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय थे और सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए थे. पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी. बताया जा रहा है कि मेंड्रा क्षेत्र में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की गई. स्थानीय स्तर पर पकड़े गए माओवादियों को इस इलाके में सक्रिय बचे अंतिम माओवादी भी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है.
पुलिस अधिकारियों ने साधी चुप्पी
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं. सूत्रों का दावा है कि पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे मामले का खुलासा कर सकती है. यदि माओवादियों की गिरफ्तारी की खबर आधिकारिक रूप से सही साबित होती है, तो कांकेर जिले में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ इसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जाएगा.

दो इनामी माओवादियों ने किया था आत्मसमर्पण
इससे पहले बीजापुर पुलिस के सामने ओडिशा में सक्रिय दो इनामी माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था. इनमें 13 लाख रुपये की इनामी नागमणी कुड़मे उर्फ शीला और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू शामिल थीं. दोनों के आत्मसमर्पण को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान से जोड़कर देखा गया.
जंगल में मिला करीब 40 लाख रुपये कैश
वहीं, बीजापुर के भैरमगढ़ क्षेत्र के बड़ेपल्ली जंगल में सुरक्षा बलों को एक अन्य कार्रवाई के दौरान बड़ी नकदी मिली थी. जवानों ने जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए 500-500 रुपये के नोटों के बंडल बरामद किए थे. इनकी कुल कीमत 39 लाख 77 हजार रुपये बताई गई थी. इससे पहले भी सुरक्षा बलों द्वारा माओवादी डंप से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नकद और 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी, फिलहाल कांकेर के मेंड्रा इलाके में 5 माओवादियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. गिरफ्तारी, पकड़े गए लोगों की पहचान और उनके संगठन में पद को लेकर स्थिति पुलिस के खुलासे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.


One Response