CG News: सरकारी कर्मचारियों के लिए नई ट्रेनिंग, योग से लेकर नेतृत्व क्षमता तक पर होगा फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग को शामिल किया है. इस पहल के तहत सरकारी कर्मचारियों को काम के दबाव और तनाव से निपटने के साथ बेहतर कार्यक्षमता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. कार्यक्रम में योग, प्राणायाम और ध्यान के साथ मानसिक संतुलन और तनाव प्रबंधन पर भी जोर रहेगा.
![]()
प्रशासनिक संस्थाएं कराएंगी प्रशिक्षण
सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य की विभिन्न प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थाओं को आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अधिकृत किया है. इनमें छत्तीसगढ़ शासन अकादमी, राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, पुलिस प्रशिक्षण संस्थान और लेखा प्रशिक्षण शाला शामिल हैं. ये संस्थाएं संबंधित विभागों के साथ मिलकर प्रशिक्षण आयोजित कर सकेंगी.
विभागीय बजट से होगा खर्च
सरकार के निर्देश के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम पर होने वाला खर्च संबंधित विभाग अपने निर्धारित प्रशिक्षण बजट से वहन करेंगे. विभाग अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिकृत प्रशिक्षण संस्थाओं के माध्यम से इन कार्यक्रमों में शामिल करा सकेंगे. यानी इसके लिए अलग से किसी नए बजट प्रावधान की आवश्यकता नहीं होगी.
योग और ध्यान के साथ तनाव प्रबंधन
कार्यक्रम में केवल योगाभ्यास पर ध्यान नहीं दिया जाएगा, बल्कि कर्मचारियों को तनाव और व्यक्तिगत चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी बताए जाएंगे. योग, प्राणायाम, ध्यान, सांसों के नियमन और एकाग्रता बढ़ाने जैसी तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा. आर्ट ऑफ लिविंग की सुदर्शन क्रिया को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया है.
टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता पर जोर
प्रशिक्षण में प्रभावी संवाद, सुनने की क्षमता, टीम निर्माण और सहयोगात्मक नेतृत्व जैसे विषयों को भी शामिल किया गया है. इसके अलावा आत्म-जागरूकता, रचनात्मक सोच, समस्या के समाधान पर ध्यान और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर रहेगा. सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यक्षमता के साथ उनके व्यवहार, नेतृत्व और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाना है.
यह भी पढ़ें : CG News: भिलाई में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा की तैयारी अंतिम चरण में, 50 बसों से आसान होगा सफर




