CG News: 200 करोड़ की लागत से बनेंगी नई फोरलेन सड़कें, जानिए पूरा प्लान
CG News: राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नई फोरलेन सड़कों के निर्माण की तैयारी है. लोक निर्माण विभाग ने शहर के प्रमुख इलाकों को जोड़ने के लिए योजना तैयार की है. इसके तहत मोवा से सेरीखेड़ी और लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक फोरलेन सड़क बनाने का प्रस्ताव है.

दो सड़कों पर खर्च होंगे 200 करोड़
मोवा से सेरीखेड़ी तक करीब 7 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपए बताई गई है. वहीं लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क पर भी 100 करोड़ रुपए खर्च किए जाने का प्रस्ताव है. इन सड़कों से शहर के कई हिस्सों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.
बायपास और फ्लाईओवर की भी तैयारी
योजना में चंदनीडीह से सरोना और रायपुरा महादेव घाट तक बायपास रोड का निर्माण भी शामिल है. इसकी अनुमानित लागत करीब 100 करोड़ रुपए बताई गई है. इसके अलावा बंजारी माता मंदिर और कमल विहार गेट के पास फ्लाईओवर बनाने की तैयारी है. इन दोनों स्थानों पर सर्वे के बाद DPR तैयार किया जाएगा.
तेजी से बढ़ रहा ट्रैफिक दबाव
इन इलाकों में तेजी से आवासीय कॉलोनियां और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ रही हैं. आबादी बढ़ने के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है. नई सड़कों और फ्लाईओवर का उद्देश्य ट्रैफिक को डायवर्ट करना और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करना है.
सुगम यातायात पर सरकार का फोकस
उप मुख्यमंत्री और PWD मंत्री अरुण साव के मुताबिक राजधानी में अधोसंरचना विकास के साथ बेहतर यातायात व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है. नई फोरलेन सड़कों और प्रस्तावित बायपास से रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. योजना पूरी होने के बाद शहर में आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिल सकती है.




