CG News: 74 हजार शिक्षकों के लिए B.Ed Bridge Course का प्रस्ताव, जानिए पूरी योजना
CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में कार्यरत करीब 74 हजार शिक्षकों के लिए B.Ed करने का रास्ता आसान हो सकता है. SCERT की बैठक में सेवारत शिक्षकों के लिए ओपन यूनिवर्सिटी के माध्यम से B.Ed Bridge Course शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है. योजना लागू होने पर नौकरी करते हुए शिक्षक अपनी शैक्षणिक योग्यता पूरी कर सकेंगे.

पढ़ाई का अधिकांश हिस्सा ऑनलाइन होगा
प्रस्ताव के मुताबिक Bridge Course की पढ़ाई का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से कराया जा सकता है. इससे शिक्षकों को लंबे समय तक नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने की जरूरत नहीं होगी. फिलहाल यह योजना प्रस्ताव के स्तर पर है और इसके संचालन से जुड़े नियम और प्रक्रिया अभी तय होना बाकी है.
1.90 लाख शिक्षकों में 74 हजार के पास B.Ed नहीं
प्रदेश में पहली से 12वीं तक करीब 1.90 लाख शिक्षक कार्यरत बताए गए हैं. इनमें लगभग 74 हजार सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता ऐसे हैं, जिनके पास B.Ed की डिग्री नहीं है. प्रस्ताव लागू होने के बाद इन शिक्षकों को इसका लाभ मिल सकता है.
146 विकासखंडों में केंद्र बनाने का सुझाव
शिक्षक एसोसिएशन ने B.Ed Bridge Course को पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से संचालित करने का सुझाव दिया है. संगठन ने प्रदेश के 146 विकासखंडों में अध्ययन और सुविधा केंद्र बनाने की मांग की है. इसके लिए प्रत्येक केंद्र से जुड़े पांच सुविधायुक्त हायर सेकेंडरी स्कूलों का चयन करने और करीब 100 शिक्षकों के नामांकन का सुझाव दिया गया है.
अवकाश के दिनों में हो सकती हैं संपर्क कक्षाएं
शिक्षक संगठन ने अध्ययन सामग्री निशुल्क या न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है. साथ ही अवकाश के दिनों में 20 दिवसीय अनिवार्य संपर्क कक्षाएं आयोजित करने की मांग रखी गई है. अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो लंबे समय से B.Ed की डिग्री का इंतजार कर रहे हजारों सेवारत शिक्षकों के लिए नौकरी के साथ पढ़ाई करना आसान हो सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: घर-घर पहुंचेगी पाइपलाइन गैस, जानिए कितना आएगा कनेक्शन खर्च



