CG News: नवा रायपुर ओपन 2026 का आगाज, 132 गोल्फर दिखाएंगे दम, खेल पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान
CG News: नवा रायपुर में मंगलवार से ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ गोल्फ प्रतियोगिता का आगाज हो गया. फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित सेरेमोनियल टी-ऑफ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्रिकेट के दिग्गज और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल शामिल हुए. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया.

कपिल देव ने छत्तीसगढ़ की तारीफ की
कपिल देव ने प्रदेश में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना की. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के साथ दूसरे खेलों को भी आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है. कपिल देव ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी ऐसे टूर्नामेंट आयोजित होंगे. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के तौर पर पहचान दिलाने की दिशा में ऐसे आयोजन अहम भूमिका निभा सकते हैं.
CM साय बोले, गोल्फ ने बनाई नई पहचान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ को प्रदेश के लिए गौरव का अवसर बताया. उन्होंने देश और विदेश से पहुंचे गोल्फ खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए लगातार सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस गोल्फ खेल को लोग पहले सिर्फ टीवी पर देखते थे, वह अब प्रदेश में बड़े स्तर पर आयोजित हो रहा है. नवा रायपुर में देश-विदेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी इस बदलाव को दिखाती है.
उत्कर्ष मिशन से प्रतिभाओं को अवसर
CM साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ‘उत्कर्ष मिशन’ के जरिए काम कर रही है. सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच और सुविधाएं मिलें. उन्होंने बस्तर और सरगुजा में आयोजित खेल गतिविधियों का भी उल्लेख किया. सरकार का फोकस प्रदेश के हर हिस्से में खेल संस्कृति को मजबूत करने पर है.
132 गोल्फर, विदेशी खिलाड़ियों की भी भागीदारी
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ में कुल 132 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें देश के अलग-अलग हिस्सों के खिलाड़ियों के साथ विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं. पीजीटीआई CEO अमनदीप जौहल के मुताबिक छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों से मिल रहा सहयोग उत्साह बढ़ाने वाला है. मार्च में छत्तीसगढ़ ओपन के बाद अब सितंबर में नवा रायपुर ओपन का आयोजन किया जा रहा है. विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी से छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने और गोल्फ के साथ खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं.

One Response