CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ा काले हिरणों का कुनबा, 25 हिरण गोमर्डा अभयारण्य में किए जाएंगे शिफ्ट
CG News: छत्तीसगढ़ में काले हिरणों के संरक्षण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. बारनवापारा अभयारण्य से करीब 25 काले हिरणों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा अभयारण्य में स्थानांतरित करने की तैयारी है. विभाग की योजना के मुताबिक अक्टूबर के पहले सप्ताह में इन्हें नए प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सकता है. वनमंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में खुले क्षेत्र में इन हिरणों को आजाद करने की तैयारी की जा रही है.

बारनवापारा में बढ़ी संख्या
वर्तमान में बारनवापारा अभयारण्य में काले हिरणों की संख्या 80 से अधिक हो चुकी है. इसी बढ़ती आबादी को दूसरे सुरक्षित वन क्षेत्र में बसाने की योजना बनाई गई है. छत्तीसगढ़ में काले हिरणों के संरक्षण के लिए वर्ष 2019 से विशेष प्रयास शुरू किए गए थे. अलग-अलग स्रोतों से लाए गए हिरणों के संरक्षण और प्रजनन के बाद इनकी संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई.
विलुप्ति के बाद दोबारा जंगल में वापसी
काले हिरण कभी छत्तीसगढ़ के जंगलों का हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन 1970 के दशक तक प्रदेश से पूरी तरह विलुप्त हो गए. इसके बाद इन्हें दोबारा प्राकृतिक वातावरण में बसाने की योजना बनाई गई. शुरुआत में कई चुनौतियां सामने आईं और कुछ हिरणों की बीमारी के कारण मौत भी हुई. बाद में निगरानी, पोषण और प्रबंधन व्यवस्था में सुधार किया गया, जिसका असर इनकी आबादी पर दिखाई दिया.
बदलनी पड़ी थी रणनीति
काले हिरणों को जंगल में दोबारा बसाने के शुरुआती प्रयास अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके. इसके बाद वन विभाग ने इनके अनुकूलन की प्रक्रिया को ज्यादा व्यवस्थित किया. बिलासपुर के कानन पेंडारी से लाए गए हिरणों को नियंत्रित तरीके से प्राकृतिक वातावरण में ढलने का अवसर दिया गया. बेहतर देखभाल और अनुकूल परिस्थितियों के चलते हिरणों ने जंगल के वातावरण को अपनाना शुरू किया और इनकी संख्या बढ़ती गई.
गोमर्डा शिफ्टिंग की तैयारी पूरी
पीसीसीएफ एवं वनबल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय के मुताबिक, काले हिरणों को गोमर्डा अभयारण्य में शिफ्ट करने के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. वनमंत्री की अनुमति मिलने के बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह में करीब 25 हिरणों को बारनवापारा से गोमर्डा ले जाकर खुले क्षेत्र में छोड़े जाने की योजना है. इस कदम से गोमर्डा अभयारण्य में काले हिरणों की नई आबादी विकसित करने की उम्मीद है.


One Response