CG News : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026: वैज्ञानिक सोच और नवाचार से सतत विकास की तैयारी, 33 जिलों के शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण
CG News : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 की तैयारियों के तहत रायपुर स्थित रीजनल साइंस सेंटर में राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी 33 जिलों के जिला समन्वयकों और रिसोर्स शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को नई थीम, परियोजना निर्माण, वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धति और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी देना था, ताकि विद्यार्थी स्थानीय समस्याओं पर आधारित नवाचारपूर्ण वैज्ञानिक परियोजनाएं तैयार कर सकें।

स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 की थीम “साइंस एंड इनोवेशन फॉर सस्टेनेबिलिटी” पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान क्षमता और नवाचार आधारित दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। तकनीकी सत्र में R5 तकनीक (Reduce, Reuse, Recover, Redesign और Recycle), ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर वैज्ञानिक परियोजनाएं तैयार करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचेगी प्रतिभा
विशेषज्ञों ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार का मंच प्रदान करती है। विद्यार्थी स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक समाधान तैयार करेंगे, जिनका चयन ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर होगा। उत्कृष्ट परियोजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यशाला में शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मिशन लाइफ (Mission LiFE) और सतत विकास की भावना से जोड़ते हुए वैज्ञानिक शोध और नवाचार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।



