CG News: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब गूंजेगा राष्ट्रगान, राज्यगीत और भोजन मंत्र: नया शैक्षणिक आदेश
CG News: रायपुर में छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राज्यगीत और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां अनिवार्य रूप से संचालित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।

तीन सत्रों में विभाजित होगा स्कूल का दिन
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों का दैनिक कार्यक्रम तीन हिस्सों में बांटा जाएगा—प्रातःकालीन सत्र, मध्यान्ह भोजन सत्र और संध्या सत्र। हर सत्र में निर्धारित गतिविधियों का पालन अनिवार्य होगा, सुबह की प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र और महापुरुषों की जीवनी का वाचन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। इससे छात्रों में सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों का विकास होगा।
भोजन मंत्र और सामूहिक अनुशासन
मध्यान्ह भोजन के समय विद्यार्थियों द्वारा भोजन मंत्र का सामूहिक पाठ किया जाएगा, जिससे उनमें अनुशासन और सामूहिकता की भावना को बढ़ावा मिलेगा, विद्यालय की छुट्टी के समय संध्या सत्र में राज्यगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक वाचन किया जाएगा, जिससे दिन का समापन सकारात्मक वातावरण में हो सके।
नैतिक और सांस्कृतिक विकास पर जोर
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास होगा। साथ ही यह भारतीय संस्कृति से जुड़ाव को और मजबूत करेगा, राज्य सरकार ने जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रतिदिन स्कूलों का निरीक्षण करने और व्यवस्था के पालन की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।

