CG News: विधायक अनुज शर्मा की 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा शुरू, CM साय ने दिखाई हरी झंडी
CG News: छत्तीसगढ़ के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और विकास को लेकर 25 दिवसीय सेवा संवाद यात्रा की शुरुआत हो गई है. विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा इस अभियान के तहत क्षेत्र के 144 गांवों का दौरा करेंगे. ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जशपुर राजपरिवार के प्रमुख एवं पूर्व राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव शामिल हुए. अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी रीति-रिवाजों, ढोल-नगाड़ों और लोकनृत्यों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया.

धरसींवा को 21.86 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को 21.86 करोड़ रुपये की लागत वाले 8 विकास कार्यों की सौगात दी. इनमें मांढर विद्युत उपकेंद्र का विस्तार, मांढर शाखा नहर का भूमिगत निर्माण, छछानपहरी से नकटी कुम्हारी मार्ग का निर्माण और भाटापारा शाखा नहर का निर्माण शामिल है. इसके अलावा कुरूद सिलयारी में महतारी सदन एवं कौशल विकास केंद्र, नगरगांव में कौशल विकास केंद्र, चरौदा में बस स्टैंड, डी-वॉट, बालिका शौचालय और बकरी शेड तथा मांढर में महतारी सदन का निर्माण कराया जाएगा. इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बिजली, सिंचाई, सड़क और ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है.

CM साय ने की दो बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र की जरूरतों और जनहित से जुड़े प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन मांगों को स्वीकार करते हुए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. पहली घोषणा ग्राम चरौदा में मंगल भवन निर्माण की रही, जबकि दूसरी घोषणा प्राचीन मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने को लेकर की गई. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सेवा संवाद यात्रा को जनसेवा और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले अनुज शर्मा अब जनसेवा के लिए भी उसी समर्पण से काम कर रहे हैं. 25 दिनों में 144 गांवों तक पहुंचने का प्रयास पूरे प्रदेश के जनप्रतिनिधियों के लिए उदाहरण बन सकता है. उन्होंने ग्रामीणों से जनचौपाल में शामिल होकर अपनी समस्याएं रखने की अपील भी की.

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य
विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि 144 गांवों की यह 25 दिवसीय यात्रा उनके जनसेवा के सफर का ऐतिहासिक अवसर है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यहां पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसानों के हितों के प्रति समर्पित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, पीएम आवास सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी जानकारी लेना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है. विधायक ने कहा कि किसी भी ग्रामीण को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए प्रत्येक पंचायत में जनचौपाल लगाई जाएगी. उन्होंने इस यात्रा को धरसींवा के स्वाभिमान, विकास और विश्वास से जुड़ा अभियान बताया.

रोजाना 5 से 6 गांवों में जनचौपाल
सेवा संवाद यात्रा की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार विधायक अनुज शर्मा प्रतिदिन औसतन 5 से 6 गांवों का दौरा करेंगे. इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी. यात्रा के पहले दिन अलग-अलग ग्राम पंचायतों में आयोजित जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, मूलभूत सुविधाओं की मांग और व्यक्तिगत परेशानियां विधायक के सामने रखीं. विधायक ने लोगों की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए. अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है.

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
सेवा संवाद यात्रा के दौरान विधायक अनुज शर्मा धरसींवा स्थित सेवा सदन में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में भी शामिल हुए. यहां उन्होंने क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान क्षेत्र के विकास और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई. कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के साथ सुरेंद्र पाटनी, श्याम नारंग, अंजय शुक्ला, नवीन अग्रवाल, संदीप यदु, लखन धीवर, देवजी भाई पटेल, वेदराम मनहरे, शकुन्तला ढिलेन्द्र सेन, अशोक सिन्हा, यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, सहप्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे. अगले 25 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के जरिए विधायक क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे.

One Response