CG News: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत पर खनिज विभाग की कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते 8 ट्रैक्टर पकड़े
CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान रेत और गिट्टी का नियम विरुद्ध परिवहन करते हुए 8 ट्रैक्टर जब्त किए. इनमें 7 वाहन रेत परिवहन करते मिले, जबकि एक ट्रैक्टर में गिट्टी ले जाई जा रही थी. कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के बाद की गई.
![]()
इन इलाकों से पकड़े गए वाहन
विभागीय जांच के दौरान ग्राम खंता से रेत से लदे 2 ट्रैक्टर पकड़े गए. रूमगा क्षेत्र से भी 2 वाहन जब्त किए गए, जबकि चिचगोहना, कोरजा और लालपुर से एक-एक ट्रैक्टर कार्रवाई की जद में आया. इसके अलावा कोटमी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया. विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
अलग-अलग स्थानों पर रखे गए ट्रैक्टर
जब्त किए गए वाहनों को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है. जानकारी के अनुसार 4 ट्रैक्टर गौरेला थाना, 3 कोटमी चौकी और एक ट्रैक्टर मरवाही थाना परिसर में रखा गया है. वाहन संचालकों और मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
शिकायत के बाद तत्काल पहुंची टीम
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद खनिज विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मैदानी स्तर पर जांच की. कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर समेत नगर सैनिक शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और सतीश साहू शामिल रहे. विभाग का कहना है कि शिकायतों की जांच कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
अवैध खनिज परिवहन पर निगरानी जारी
जिला प्रशासन ने अवैध खनन, उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है. प्रशासन ने खनिज कारोबार से जुड़े लोगों से वैध दस्तावेजों के साथ ही रेत, गिट्टी समेत अन्य खनिजों का परिवहन करने की अपील की है. नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

