CG News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला, जल्द 3 जज होंगे सेवानिवृत्त
CG News: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने अलग-अलग हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति और तबादले को लेकर कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की हैं. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता में 6 अगस्त को हुई बैठक में चार जजों को अलग-अलग हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की गई. इसके साथ ही ओडिशा हाईकोर्ट के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश भी की गई है.

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट आएंगे जस्टिस मोहपात्रा
कॉलेजियम की सिफारिश के मुताबिक, ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का तबादला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट किया जाएगा. वहीं, जस्टिस मानस रंजन पाठक को गुजरात हाईकोर्ट भेजने की अनुशंसा की गई है. जस्टिस मोहपात्रा के छत्तीसगढ़ आने से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
1988 से वकालत, 2015 में बने जज
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था. उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के तौर पर पंजीकरण कराया था. उन्होंने सिविल, आपराधिक, सेवा और संवैधानिक मामलों सहित कानून के अलग-अलग क्षेत्रों में लंबे समय तक काम किया. उन्हें 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. वकालत के दौरान वे ओडिशा सरकार और कई सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों की ओर से भी पैरवी कर चुके हैं.
दो महीने में कम हो जाएंगे 3 जज
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के लिए यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब आने वाले दो महीनों में तीन न्यायाधीश सेवानिवृत्त होने वाले हैं. जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल अगस्त में रिटायर होंगे, जबकि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा सितंबर में सेवानिवृत्त होंगे. ऐसे में मौजूदा स्थिति में हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस समेत 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं और तीन सेवानिवृत्तियों के बाद संख्या कम हो जाएगी. कॉलेजियम की ओर से फिलहाल जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा के तबादले की सिफारिश की गई है, जिससे आने वाले समय में हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या को लेकर स्थिति महत्वपूर्ण बनी रहेगी.

