CG News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: राज्यपाल रमेन डेका ने किया योगाभ्यास, कहा- स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाएं
CG News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित योग शिविर में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया और सामूहिक योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

योग से मिलता है स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता
राज्यपाल रमेन डेका ने बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि पूरा छत्तीसगढ़ सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की, राज्यपाल ने कहा कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को भी नियमित योगाभ्यास की आदत डालने का आग्रह किया, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके और वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनें।

समग्र विकास का माध्यम है योग
श्री डेका ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन, विचार और भावनाओं को भी संतुलित करता है। योग व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, योग कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
शामिल हुए जनप्रतिनिधि और नागरिक
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग को जनआंदोलन बनाने का संदेश
योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से फिट रहता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है।
