CG News: छत्तीसगढ़ में ड्रॉपआउट बच्चों को फिर स्कूल से जोड़ने की तैयारी, लइका चिन्हारी एप से होगा सर्वे
CG News: छत्तीसगढ़ में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना कार्यालय ने ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल एप तैयार कराया है. इसके जरिए शाला अप्रवेशी, शाला त्यागी और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे किया जाएगा और उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा.

माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर 13.8 प्रतिशत
राज्य में माध्यमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर करीब 13.8 प्रतिशत बताई गई है. ऐसे में विभाग ने बच्चों की पहचान के साथ उन्हें दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाने और पढ़ाई जारी रखने पर विशेष फोकस किया है. सर्वे के लिए स्थानीय स्तर पर साक्षरता प्रेरकों और अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि जरूरत पड़ने पर नियमित शासकीय कर्मचारियों की भी मदद ली जा सकेगी.
एप पर रजिस्ट्रेशन, फिर होगा सत्यापन
चयनित सर्वेकर्ताओं को एंड्राइड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ‘लइका चिन्हारी’ एप डाउनलोड करना होगा. एप पर नाम, मोबाइल नंबर, बसाहट और स्कूल सहित जरूरी जानकारी दर्ज कर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा. इसके बाद संबंधित संकुल समन्वयक अपनी संकुल ID से सर्वेकर्ता की पात्रता और चयन का ऑनलाइन सत्यापन करेंगे. सत्यापन के बाद ही प्रोत्साहन राशि की पात्रता मिलेगी.
बच्चों की पहचान पर 20 रुपये का प्रोत्साहन
एप पर चिन्हांकित प्रत्येक बच्चे की जानकारी दर्ज और सत्यापित होने पर सर्वेकर्ता को 20 रुपये प्रति छात्र दिए जाएंगे. वहीं बच्चे का स्कूल में प्रवेश कराने और कम से कम तीन महीने तक उसे स्कूल में बनाए रखने के बाद प्राचार्य के सत्यापन पर 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी. माध्यमिक स्तर के बच्चों को छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के माध्यम से परीक्षा दिलाने पर भी 500 रुपये का प्रावधान किया गया है.
पढ़ाई जारी रखने पर जोर
इस पूरी पहल का उद्देश्य केवल स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान करना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा शिक्षा से जोड़कर लंबे समय तक स्कूल में बनाए रखना है. सभी प्रोत्साहन राशि का भुगतान जिलों के माध्यम से DBT के जरिए किया जाएगा. ‘लइका चिन्हारी’ एप के जरिए विभाग बच्चों की स्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर उनकी शिक्षा की निरंतर निगरानी करेगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल तक पहुंचाया जा सके.
यह भी पढ़ें : CG News: श्रमिक परिवारों के बच्चों को बड़े स्कूलों में FREE शिक्षा, CM साय का बड़ा ऐलान




