CG News: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ली समीक्षा बैठक, अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
CG News: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवा रायपुर के मंत्रालय, महानदी भवन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई. अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली गई. मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया.

ग्रामीण क्षेत्रों तक दवा पहुंचाने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों तक भी आवश्यक दवाएं समय पर पहुंचनी चाहिए. मरीजों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दवा और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा गया. स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने पर भी जोर दिया गया.

अस्पतालों में सफाई पर सख्ती
बैठक के दौरान अस्पतालों की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए. मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था हर हाल में बेहतर रहनी चाहिए. मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना के अनुसार काम करने को कहा गया. अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.
स्टाफ की उपस्थिति और व्यवहार पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में मरीजों की सुविधा सबसे महत्वपूर्ण है. अधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही को लेकर मंत्री ने सख्त रुख अपनाया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दवा, सफाई, उपकरण, स्टाफ की उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं में कमी नहीं होनी चाहिए. स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और कमियों को समय पर दूर करने को कहा गया. सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें : CG News: मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से छत्तीसगढ़ में मजबूत हो रहा खेलों का भविष्य



