CG News: बिलासपुर सिम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, तत्काल मरम्मत के दिए कड़े निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अचानक औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे. सुबह-सुबह मंत्री के पहुंचते ही अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की गहराई से समीक्षा की.

सर्जिकल वार्ड की उखड़ी फर्श देखकर भड़के मंत्री
अस्पताल के सर्जिकल वार्ड के बाहर जब मंत्री की नजर उखड़ी और क्षतिग्रस्त फर्श पर पड़ी, तो उन्होंने प्रबंधन के रवैये पर भारी नाराजगी जताई. उन्होंने बिना किसी देरी के इस फर्श को तुरंत ठीक कराने के सख्त निर्देश दिए. इसके अलावा, मरीजों की सहूलियत को देखते हुए उन्होंने सभी जरूरी स्थानों पर रैंप और स्लोप का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने को कहा.
सरकारी फंड का इंतजार न करने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि मरम्मत और जरूरी विकास कार्यों के लिए केवल सरकारी फंड के भरोसे न बैठें. उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल की स्वशासी समिति (Governing Body) से तत्काल अनुमोदन प्राप्त कर सभी अति-आवश्यक कार्यों को बिना किसी रुकावट के पूरा कराया जाए.
व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और इलाज तथा दवाओं की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार लाया जाए.
पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर
अंत में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल प्रबंधन की बैठक लेकर स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य सरकार आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सिम्स जैसे प्रमुख चिकित्सा संस्थान में अव्यवस्थाओं को दूर कर एक पारदर्शी और सुदृढ़ व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे बिलासपुर और आसपास के जिलों से आने वाले मरीजों को भटकना न पड़े.


One Response