CG NEWS: छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ महा-अभियान!26 जून तक मनाया जाएगा ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह
CG NEWS: छत्तीसगढ़ में नशे की लत के खिलाफ एक बड़े प्रदेशव्यापी जनअभियान की शुरुआत हो चुकी है। राज्य के समाज कल्याण विभाग द्वारा 17 जून से 26 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष यह अभियान “नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” की विशेष थीम पर चलाया जा रहा है, जिसका समापन 26 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस’ के अवसर पर होगा।
मंत्रालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
अभियान की शुरुआत के दौरान महानदी भवन (मंत्रालय) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार ने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी नागरिकों और युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
जानिए 26 जून तक क्या-क्या कार्यक्रम होंगे?
इस महा-अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार के कई विभागों को एक साथ जोड़ा गया है। सप्ताह भर चलने वाले प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
-
स्कूल और कॉलेज: शैक्षणिक संस्थानों में सेमिनार, ग्रुप डिस्कशन (समूह चर्चा), जागरूकता रैलियां और शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे।
-
स्वास्थ्य विभाग: नशा छोड़ चुके लोगों की ‘सफलता की कहानियां’ (Success Stories) शेयर की जाएंगी ताकि दूसरों को प्रेरणा मिले। साथ ही विशेष स्वास्थ्य शिविर (Health Camps) भी लगाए जाएंगे।
-
महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग: गांवों और शहरों में मानव श्रृंखला (Human Chain) बनाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
-
खेल विभाग: युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल से जोड़ने के लिए फुटबॉल, हॉकी प्रतियोगिताएं और मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी।
-
सांस्कृतिक कार्यक्रम: नेहरू युवा केंद्र और एनजीओ (NGOs) के सहयोग से जिला स्तर पर ओपन माइक, लोकनृत्य, लोकगीत, भाषण प्रतियोगिताएं और सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।
प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार का संदेश: “नशे के विरुद्ध जब तक जनभागीदारी नहीं बढ़ेगी, तब तक एक स्वस्थ समाज का निर्माण असंभव है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हमारे युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों और एक स्वस्थ जीवनशैली की ओर मोड़ना है।”
क्यों खास है यह अभियान?
इस अभियान का सीधा उद्देश्य राज्य के युवाओं और आम नागरिकों को जागरूक करना है। छत्तीसगढ़ सरकार इस बार केवल भाषणों तक सीमित न रहकर खेल, कला और संस्कृति के माध्यम से युवाओं तक सीधे पहुँचने की कोशिश कर रही है, ताकि “विकसित भारत” के सपने को धरातल पर उतारा जा सके।
