CG News: छत्तीसगढ़ में ग्राम सभाओं का आयोजन, आवास प्लस 2.0 और विकास योजनाओं पर होगी अहम चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ में 24 जून 2026 को राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने निर्देश जारी कर अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि विकास योजनाओं की पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके।

आवास प्लस 2.0 सूची पर विशेष चर्चा
ग्राम सभाओं में सबसे महत्वपूर्ण विषय ‘आवास प्लस 2.0’ सर्वेक्षण से प्राप्त स्थायी प्रतीक्षा सूची का अवलोकन और वाचन होगा। इस सूची के आधार पर पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता तय की जाएगी, ग्रामीणों से प्राप्त दावे और आपत्तियों की जांच कर उनका समाधान नियमानुसार किया जाएगा। इसके बाद अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।
आय-व्यय और विकास कार्यों की समीक्षा
ग्राम सभा में पंचायतों के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत कर उसकी समीक्षा और अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी, पूर्व बैठकों के निर्णयों के पालन की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता बनी रहे, ग्राम सभाओं में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी राम जी) की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
जनभागीदारी पर जोर
विभाग ने सभी ग्राम पंचायतों से अपील की है कि ग्राम सभा में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य यह है कि योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे और ग्रामीण विकास की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बने, यह ग्राम सभाएं ग्रामीण विकास, आवास योजनाओं और स्थानीय प्रशासनिक निर्णयों में जनता की सीधी भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
