CG News: जीपीएम के ‘विष्णुभोग’ चावल से मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का सम्मान, महिला समूहों की पहल की सराहना
CG News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर पहुंचे कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का जिले की प्रसिद्ध कृषि उपज ‘विष्णुभोग’ चावल भेंट कर स्वागत किया गया. कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें जिले की इस विशेष पहचान और महिला स्व-सहायता समूहों की पहल से अवगत कराया.
महिला समूहों की मेहनत से मिली पहचान
कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिला स्व-सहायता समूह ‘विष्णुभोग’ चावल का उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन कर रहे हैं. अपनी खास सुगंध, गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के कारण यह चावल जिले का प्रमुख कृषि उत्पाद बन चुका है और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी मजबूत आधार दे रहा है.
मंत्री ने की पहल की सराहना
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि ‘विष्णुभोग’ चावल जिले की समृद्ध कृषि परंपरा और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और व्यापक पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि किसानों और महिला समूहों की आय में वृद्धि हो सके.
जिले की पहचान को मिलेगा नया विस्तार
मंत्री ने विश्वास जताया कि स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की विशिष्ट पहचान प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत होगी. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी.
कार्यक्रम में रहे कई अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने एक समाचार पत्र के प्रधान संपादक को भी ‘विष्णुभोग’ चावल का पैकेट भेंट कर जिले की कृषि परंपरा और आजीविका गतिविधियों की जानकारी साझा की. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज खलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

