CG News: कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में “यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026”, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
CG News: छत्तीसगढ़ के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता विकास और प्रौद्योगिकी के व्यवसायीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में 28 से 30 सितंबर 2026 तक “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जा रहा है, इस तीन दिवसीय कॉन्क्लेव का उद्घाटन 28 सितंबर को राज्यपाल रामेन डेका करेंगे, जबकि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे.
![]()
देश के प्रमुख प्रतिष्ठित संस्थान और बैंक होंगे सहयोगी
इस राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई, NIT रायपुर, IIIT नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (CCOST), छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, कार्यक्रम में प्रदेश भर से लगभग 1,000 से अधिक नवोन्मेषी युवा, शोधार्थी, स्टार्टअप संस्थापक और उद्यमी शामिल होंगे, जिनके विचारों को व्यावसायिक रूप देने के लिए यह एक साझा मंच प्रदान करेगा.

सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का होगा लोकार्पण
कॉन्क्लेव के शुभारंभ अवसर पर राज्य के प्रथम एवं एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित ‘सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर’ के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया जाएगा, यह केंद्र प्रदेश में बायोटेक्नोलॉजी आधारित अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप विकास के लिए एक मजबूत संस्थागत आधार बनेगा, इसके माध्यम से युवा शोधकर्ताओं को प्रोटोटाइप विकास, मेंटरशिप और निवेशकों से सीधे जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे.
नवाचार नीति 2025-30 को गति
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में लागू नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 के क्रियान्वयन को गति देना है, कॉन्क्लेव के दौरान एग्री-टेक, बायो-टेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीकरणीय ऊर्जा और फिनटेक जैसे क्षेत्रों में नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा, साथ ही ‘नवाचार एवं स्टार्टअप प्रदर्शनी’ का आयोजन कर शीर्ष तीन सर्वश्रेष्ठ युवा स्टार्टअप्स को क्रमशः 1 लाख रुपए, 75 हजार रुपए और 50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा.
25 सितंबर तक पंजीयन का अवसर
कॉन्क्लेव के अंतर्गत चार तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ व्याख्यान, स्टार्टअप पिचिंग, निवेशक संवाद और मेंटरशिप सत्र शामिल हैं, इच्छुक युवा छात्र और स्टार्टअप्स दिए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से 25 सितंबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं, यह आयोजन राज्य के युवाओं के नवीन तकनीकी समाधानों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और प्रदेश में आत्मनिर्भर स्टार्टअप इकोसिस्टम बनाने में सहायक सिद्ध होगा.


One Response