CG News: रायपुर में सिक्कों वाले गणेश जी, 50 हजार से ज्यादा असली सिक्कों से बनी अनोखी प्रतिमा
CG News: गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर राजधानी रायपुर में भक्ति के साथ कला का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है. शहर के अलग-अलग इलाकों में जहां पारंपरिक और आधुनिक थीम पर पंडाल सजाए गए हैं, वहीं देवपुरी में स्थापित ‘सिक्कों वाले गणेश जी’ लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इस अनोखी प्रतिमा को श्री शिव शक्ति युवा समिति, देवपुरी ने स्थापित किया है.

50 हजार से ज्यादा असली सिक्कों से बनी प्रतिमा
श्री शिव शक्ति युवा समिति द्वारा तैयार की गई इस गणेश प्रतिमा को बनाने में 50 हजार से ज्यादा असली सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है. प्रतिमा के अलग-अलग हिस्सों को अलग-अलग मूल्यवर्ग के सिक्कों से सजाया गया है. इसकी अनोखी शिल्पकारी देखकर श्रद्धालु भी हैरान हैं और बड़ी संख्या में लोग पंडाल पहुंचकर बप्पा के दर्शन कर रहे हैं.
अलग-अलग हिस्सों में लगाए गए अलग सिक्के
प्रतिमा के मुख और धोती को 1 रुपए और 2 रुपए के सिक्कों से सजाया गया है. वहीं सूंड और कान बनाने में 5 रुपए के सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है. गणेश जी के मुकुट को 10 रुपए और 20 रुपए के सिक्कों से तैयार कर भव्य रूप दिया गया है. अलग-अलग सिक्कों के इस इस्तेमाल ने प्रतिमा को और भी खास बना दिया है.
15 दिन में तैयार हुई अनोखी प्रतिमा
समिति के सदस्यों के मुताबिक इस रचनात्मक प्रतिमा को तैयार करने में करीब 15 दिन का समय लगा. बड़ी संख्या में सिक्के जुटाना आसान नहीं था, इसलिए बैंक, स्थानीय दुकानों और आसपास के रहवासियों से सहयोग लिया गया. समिति के सदस्यों के साथ पूरे मोहल्ले के लोगों ने भी इस काम में अपना योगदान दिया. यही वजह है कि देवपुरी के इस पंडाल में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
विसर्जन के बाद सिक्कों का क्या होगा?
अनोखी प्रतिमा तैयार होने के बाद अब लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि गणेशोत्सव और विसर्जन के बाद इन सिक्कों का क्या किया जाएगा. क्या सिक्कों को विसर्जित किया जाएगा, उन्हें निकालकर जरूरतमंदों में बांटा जाएगा या फिर किसी मंदिर में दान किया जाएगा. श्री शिव शक्ति युवा समिति का कहना है कि फिलहाल इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. जल्द ही समिति के सभी पदाधिकारी बैठक कर इस विषय पर चर्चा करेंगे और सर्वसम्मति से आगे का फैसला लिया जाएगा.


One Response