CG News: रायपुर गोलबाजार में गणेश जी को पहनाया गया 771 ग्राम का स्वर्ण मुकुट, 100 साल पुरानी है परंपरा
CG News: राजधानी रायपुर के गोलबाजार में गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. स्थापना के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान भगवान गणेश को लगभग 771 ग्राम वजन का स्वर्ण मुकुट पहनाया गया. गोलबाजार में गणेशोत्सव मनाने की परंपरा 100 साल से भी अधिक पुरानी है.

CM साय ने की गणपति की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोलबाजार क्षेत्र में विराजे गणपति भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. उन्होंने भगवान गणेश से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि गोलबाजार क्षेत्र में विराजे गणपति भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. उन्होंने यह भी कहा कि हम लोगों ने अपने हाथों से गणपति भगवान को स्वर्ण मुकुट पहनाया है.
100 साल से ज्यादा पुरानी गणेशोत्सव की परंपरा
रायपुर के गोलबाजार हनुमान मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. सोमवार को गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला. गोलबाजार में पिछले 100 साल से अधिक समय से गणेशोत्सव मनाया जा रहा है. इसी परंपरा के तहत गोलबाजार हनुमान मंदिर परिसर में विराजित गणेश जी को स्वर्ण मुकुट चढ़ाया गया.
स्वर्ण मुकुट की कीमत 1.15 करोड़ से ज्यादा
भगवान गणेश को चढ़ाए गए स्वर्ण मुकुट का वजन लगभग 771 ग्राम है. इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है. इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ अपेक्स बैंक के चेयरमैन केदार गुप्ता, गोलबाजार व्यापारी संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
मुकुट चढ़ाने के बाद हुई भव्य आरती
भगवान गणेश को स्वर्ण मुकुट पहनाने के बाद विधि-विधान से आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ नजर आई. गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही गोलबाजार में उत्सव का माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं में भगवान गणेश के दर्शन को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है.

One Response