CG News: राशन कार्ड से नाम काटने और कार्ड बंद होने की खबरों पर खाद्य विभाग का स्पष्टीकरण
CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड से परिवार के सदस्यों के नाम हटाए जाने और पूरे राशन कार्ड बंद किए जाने की खबरों के बीच खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है. विभाग ने ऐसी खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि ई-केवाईसी पूरी नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित व्यक्ति का नाम राशन कार्ड से हटा दिया गया है. खाद्य विभाग के नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, ई-केवाईसी अधूरी रहने पर संबंधित सदस्य के हिस्से का खाद्यान्न आवंटन और वितरण प्रभावित हो सकता है, लेकिन इसे राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई नहीं माना जाना चाहिए.
E-KYC अधूरी होने पर प्रभावित हो सकता है राशन
विभाग के अनुसार, जिन राशन कार्डधारियों के परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं हुआ है, उनके नाम के सामने पोर्टल पर नॉट वैरिफाइड दिखाई दे सकता है. ऐसी स्थिति में संबंधित सदस्य के हिस्से का राशन आवंटित होने या मिलने में परेशानी आ सकती है. इसलिए विभाग ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने साथ परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी कराएं, ताकि खाद्यान्न वितरण में किसी तरह की बाधा न आए.

घर बैठे ऑनलाइन चेक करें राशन कार्ड का स्टेटस
जिन परिवारों को पहले की तुलना में कम राशन मिल रहा है, वे अपने राशन कार्ड की स्थिति ऑनलाइन भी देख सकते हैं. इसके लिए खाद्य विभाग ने https://epos.cg.gov.in/SRC_Trans_Int लिंक उपलब्ध कराया है. इस पोर्टल पर जाकर राशन कार्ड की जानकारी और परिवार के प्रत्येक सदस्य का वेरिफिकेशन स्टेटस चेक किया जा सकता है. यदि किसी सदस्य के नाम के सामने नॉट वैरिफाइड दिखाई देता है, तो संबंधित व्यक्ति को ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करानी होगी.

अंगूठे का निशान काम नहीं करता तो फेस E-KYC का विकल्प
खाद्य विभाग ने उन लोगों के लिए भी सुविधा उपलब्ध कराई है, जिनके फिंगरप्रिंट मशीन पर सही तरीके से काम नहीं करते. ऐसे हितग्राही फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए अपना आधार सत्यापन करा सकते हैं. इस प्रक्रिया में चेहरे को कैप्चर करके आधार प्रमाणीकरण किया जाता है, जिसके माध्यम से राशन वितरण की सुविधा मिल सकती है. यानी बुजुर्गों और ऐसे लोगों को राहत मिल सकती है, जिन्हें अंगूठे के निशान से सत्यापन कराने में परेशानी होती है.

जिनका राशन कम मिला था, उनके लिए भी जारी हुआ खाद्यान्न
विभाग ने बताया कि जिन राशन कार्डधारियों को पहले पात्रता से कम खाद्यान्न मिला था और जिनके कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है, उनके लिए पात्रतानुसार राशन जारी किया गया है. इसके अलावा ई-पॉस मशीन में ई-केवाईसी अपडेट और मॉडिफाइड आधार वेरिफिकेशन ऑथेंटिकेशन के विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं. यदि राशन कार्ड में किसी तरह की त्रुटि है, तो हितग्राही उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उपलब्ध विकल्पों का इस्तेमाल कर सुधार करा सकते हैं.

नया राशन कार्ड बनवाने और सदस्य जोड़ने की भी सुविधा
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नया राशन कार्ड बनवाने, परिवार के किसी नए सदस्य का नाम जुड़वाने या किसी सदस्य का नाम हटवाने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है. ऐसे में राशन कार्डधारियों को अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय अपने कार्ड और परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी स्टेटस जांचना चाहिए. समय पर सत्यापन पूरा कराने से खाद्यान्न वितरण में आने वाली संभावित परेशानियों से बचा जा सकता है.

One Response