CG News: Faith Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ का जलवा, पर्यटन संभावनाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान
CG News: नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित फेथ कांक्लेव 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी खास पहचान बनाई. देशभर से पहुंचे पर्यटन विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंट्स और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक खूबियों को प्रस्तुत किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को लेकर विशेष चर्चा हुई.
प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत बनी आकर्षण का केंद्र
छत्तीसगढ़ पर्यटन की ओर से बताया गया कि प्रदेश अपने घने जंगलों, खूबसूरत जलप्रपातों, प्राचीन धरोहरों, वन्यजीव संपदा, जनजातीय संस्कृति और धार्मिक स्थलों के कारण देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में तेजी से उभर रहा है. विशेषज्ञों के सामने राज्य की अनोखी संस्कृति और पर्यटन अनुभवों को विस्तार से रखा गया.

ईको टूरिज्म और होम स्टे को मिलेगा बढ़ावा
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ में पर्यटन अधोसंरचना के विकास, नई पर्यटन नीतियों, निजी निवेश, ईको टूरिज्म, होम स्टे, हेरिटेज पर्यटन और धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पर्यटन को रोजगार और स्थानीय आर्थिक विकास से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
पर्यटन निवेश के लिए बनाया जा रहा बेहतर माहौल
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विस्तार के लिए डिजिटल प्रचार, बेहतर सुविधाएं और निजी क्षेत्र की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करना है.
विशेषज्ञों ने सराहा छत्तीसगढ़ का पर्यटन मॉडल
फेथ कांक्लेव में शामिल पर्यटन विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की विविध पर्यटन संभावनाओं की सराहना की. उन्होंने माना कि प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश के पास बड़ी संभावनाएं हैं, जिन्हें बेहतर प्रचार और साझेदारी के जरिए वैश्विक पहचान मिल सकती है, फेथ कांक्लेव 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को पर्यटन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इस मंच के जरिए राज्य ने नए निवेश, पर्यटन साझेदारी और देश विदेश के पर्यटकों तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है.

