CG News: छत्तीसगढ़ में EV नेटवर्क का होगा विस्तार, हर 25 KM पर खुलेंगे नए चार्जिंग स्टेशन
CG News: छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए साय सरकार ने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. राज्य सरकार ने ‘पीएम ई-ड्राइव योजना’ के तहत नगर निगम क्षेत्रों में दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए 25 से 30 नए EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है. इसके लिए उपयुक्त स्थानों के चयन की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू कर दी गई है.
![]()
हर 25 किलोमीटर पर मिलेगी चार्जिंग की सुविधा
चालकों को लंबी दूरी के सफर में भटकना न पड़े, इसके लिए सरकार ने हाईवे और प्रमुख मार्गों पर हर 25 किलोमीटर की दूरी पर एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई है. इसके अतिरिक्त लंबी दूरी के वाहनों के लिए हर 100 किलोमीटर पर हाई-स्पीड चार्जर की विशेष व्यवस्था रहेगी. हालांकि, 30 मीटर से कम चौड़ी सड़कों पर सुरक्षा कारणों से चार्जिंग पॉइंट नहीं बनाए जाएंगे.

‘छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम 1984’ में संशोधन
इन नई सुविधाओं को आधिकारिक रूप से लागू करने के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग ने ‘छत्तीसगढ़ भूमि विकास नियम, 1984’ में आवश्यक संशोधन करते हुए गजट अधिसूचना जारी कर दी है. नए प्रावधानों के अनुसार हर चार्जिंग पॉइंट पर दो चार्जर अनिवार्य होंगे ताकि एक साथ दो गाड़ियां चार्ज हो सकें. साथ ही CNG स्टेशनों और प्रमुख भवनों में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी देना भी अनिवार्य किया गया है.
फायर NOC और सुरक्षा मानक किए गए अनिवार्य
चार्जिंग स्टेशनों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े मापदंड तय किए गए हैं. किसी भी चार्जिंग स्टेशन को शुरू करने से पहले अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और सुरक्षा एनओसी लेना अनिवार्य होगा. इसके अलावा संबंधित प्रदाता कंपनी को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति और पृथक सब-मीटर की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी.
EV चालकों को मिलेगी बड़ी सहूलियत
सरकार के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट से प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी. शहरों एवं राजमार्गों पर चार्जिंग नेटवर्क का दायरा बढ़ने से वाहन चालकों को बैटरी खत्म होने की चिंता से मुक्ति मिलेगी. विभागीय अधिकारियों के अनुसार जमीनों के चिन्हांकन के बाद जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा.


One Response