CG News: बिजली कनेक्शन का होगा E-KYC, Mor Bijli App से एक मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया
CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन को लेकर अब E-KYC की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रदेश के करीब 65 लाख घरेलू, गैरघरेलू और अन्य श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं को अपना E-KYC कराना होगा. छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने पहली बार बिजली कनेक्शनों के लिए यह व्यवस्था लागू की है. कंपनी का उद्देश्य प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि उपभोक्ताओं को इसके लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े.

Mor Bijli App से घर बैठे सुविधा
उपभोक्ता अपने मोबाइल से Mor Bijli App के जरिए भी E-KYC पूरा कर सकते हैं. इसके लिए आधार नंबर और बिजली कनेक्शन का BP नंबर जरूरी होगा. आधार नंबर दर्ज करने के बाद आधार कार्ड और बिजली कनेक्शन में दर्ज नाम का मिलान किया जाएगा. मोबाइल पर OTP सत्यापन के बाद फेस वेरिफिकेशन के लिए सेल्फी ली जाएगी और प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. पूरी प्रक्रिया में लगभग एक मिनट या उससे भी कम समय लग सकता है.
मीटर रीडर भी करेंगे मदद
पॉवर कंपनी ने E-KYC को तेजी से पूरा कराने के लिए पांच हजार से अधिक मीटर रीडरों को भी इस अभियान से जोड़ने का फैसला किया है. मीटर रीडर महीने के शुरुआती 15 दिन नियमित मीटर रीडिंग का काम करेंगे, जबकि अगले 15 दिन उपभोक्ताओं के घर जाकर E-KYC कराने में सहयोग करेंगे. इससे उन उपभोक्ताओं को भी सुविधा मिलेगी, जो मोबाइल एप के माध्यम से खुद प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं.
बिजली दफ्तरों में बनाए जाएंगे काउंटर
प्रदेशभर के पॉवर कंपनी के DC सेंटरों में E-KYC के लिए अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं. यहां उपभोक्ताओं को फेस वेरिफिकेशन के साथ थंब वेरिफिकेशन की सुविधा भी मिलेगी. E-KYC कराने के लिए उपभोक्ताओं को आधार कार्ड और बिजली बिल साथ लेकर जाना होगा, क्योंकि बिल से BP नंबर की जानकारी ली जाएगी. ज्यादातर DC सेंटरों में सोमवार से यह सुविधा शुरू होने की तैयारी है.
नाम में गलती होने पर पहले होगा सुधार
अगर बिजली कनेक्शन और आधार कार्ड में उपभोक्ता का नाम अलग है, तो पहले बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड में नाम को सही कराया जाएगा, इसके बाद E-KYC की प्रक्रिया पूरी होगी. वहीं, यदि बिजली कनेक्शन किसी ऐसे परिवार के सदस्य के नाम पर है जिनका निधन हो चुका है, तो मृत्यु प्रमाणपत्र के आधार पर कनेक्शन का नाम बदला जा सकेगा. इसके बाद नए नाम से E-KYC कराया जाएगा. इस पूरी व्यवस्था का मकसद बिजली कनेक्शनों का रिकॉर्ड अपडेट करना और उपभोक्ताओं को आसान सुविधा उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में शिक्षक दिवस पर 63 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, 64 नए शिक्षकों के नाम घोषित
