CG News: जशपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का प्रभावी संचालन, 497 उचित मूल्य दुकानों से 2.68 लाख हितग्राही हो रहे लाभान्वित
CG News: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के जरूरतमंद नागरिकों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में इन योजनाओं का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है।

497 उचित मूल्य दुकानों से हो रहा वितरण
जशपुर जिले में वर्तमान में 497 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं, जहां ई-पॉस मशीनों के माध्यम से आधार आधारित खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों को पारदर्शी और सुगम तरीके से राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
2.68 लाख हितग्राही हो रहे लाभान्वित
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार जशपुर जिले में कुल 2 लाख 68 हजार 108 राशन कार्डधारी हितग्राही खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इनमें 2 लाख 51 हजार 358 बीपीएल और 16 हजार 780 एपीएल श्रेणी के हितग्राही शामिल हैं।
श्रेणी के अनुसार मिलता है राशन
प्रदेश में राशन कार्ड की श्रेणी के अनुसार हितग्राहियों को प्रतिमाह 10 किलोग्राम से 35 किलोग्राम तक चावल प्रदान किया जाता है। वहीं अंत्योदय श्रेणी के हितग्राहियों को चावल के साथ 2 किलोग्राम चना और 1 किलोग्राम शक्कर भी उपलब्ध कराई जाती है।
आदिवासी क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए अंत्योदय परिवारों को अतिरिक्त पोषण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके, आधार लिंक्ड ई-पॉस प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ी है और फर्जीवाड़े पर रोक लगी है। इससे वास्तविक हितग्राहियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंच सुनिश्चित हो रही है।

