CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 1.90 करोड़ से अधिक वोटर्स के नाम शामिल
CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दी गई है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची का प्रारूप जारी किया गया है. निर्वाचन विभाग ने इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी है. वहीं आम नागरिक भी वोटर हेल्पलाइन ऐप और आधिकारिक वोटर पोर्टल के जरिए अपने मतदान केंद्र की सूची ऑनलाइन देख सकते हैं.

1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, 12 नवंबर को जारी प्रारूप मतदाता सूची में छत्तीसगढ़ के कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं. इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष और 95 लाख 31 हजार 721 महिला मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश में 412 थर्ड जेंडर मतदाता भी पंजीकृत हैं. आंकड़ों के अनुसार, राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है, विशेष पुनरीक्षण से पहले प्रदेश में कुल 27 हजार 196 मतदान केंद्र थे. मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के दौरान 47 नए केंद्र बनाए गए, जबकि 389 मतदान केंद्रों को समाप्त किया गया है. इस प्रक्रिया के बाद अब छत्तीसगढ़ में कुल 26 हजार 854 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इनमें 5 हजार 876 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में और 20 हजार 978 केंद्र ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं.
ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और व्यक्तिगत जानकारी जरूर जांच लें. इसके लिए वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप या आधिकारिक वोटर पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है. जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हो, वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर फोन करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.
![]()
नाम जुड़वाने और गलतियां सुधारने के लिए भरें ये फॉर्म
अगर किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है. 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की आगामी अर्हता तिथियों पर पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं. प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A, किसी नाम को सूची से हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन, स्थानांतरण, नया EPIC कार्ड अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन कराने के लिए फॉर्म-8 का प्रावधान है.

4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए निर्वाचन विभाग ने पूरा कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है. इसके तहत 12 नवंबर 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है. दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 निर्धारित है. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नाम और विवरण की जांच कर लें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े.


One Response