CG News: मुख्यमंत्री के निर्देश के 24 घंटे के भीतर दिव्यांग गणेश राम यादव को मिली ट्राइसाइकिल
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिव्यांग युवक की समस्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के तत्काल संज्ञान के बाद प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराकर संवेदनशीलता का उदाहरण पेश किया. धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी गणेश राम यादव को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई.
समाचार के बाद सक्रिय हुआ प्रशासन
गणेश राम यादव की कठिन परिस्थितियों को उजागर करने वाली खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तुरंत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. शासकीय अवकाश होने के बावजूद समाज कल्याण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने समन्वय बनाकर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की.
अब आसान होगा दैनिक जीवन
गणेश राम यादव जन्म से दिव्यांग हैं और अब तक हाथों के सहारे चलकर अपने दैनिक कार्य करते थे. ट्राइसाइकिल मिलने के बाद उनके लिए आवागमन काफी आसान हो जाएगा. अब वे स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पंचायत कार्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक पहले की तुलना में अधिक सुविधा के साथ पहुंच सकेंगे.
परिवार को पहले से मिल रही हैं सरकारी योजनाओं का लाभ
प्रशासन के अनुसार, गणेश राम यादव और उनके परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहले से मिल रहा है. परिवार के पात्र सदस्यों को दिव्यांग पेंशन प्रदान की जा रही है. महतारी वंदन योजना का लाभ भी परिवार को मिल रहा है, जबकि राशन कार्ड के माध्यम से नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है.
ग्रामीणों ने की पहल की सराहना
गांव के लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति तक कम समय में सहायता पहुंचना सकारात्मक पहल है. उनका मानना है कि इस तरह की संवेदनशील कार्यप्रणाली से आम लोगों का शासन और प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता है.
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा कदम
ट्राइसाइकिल मिलने से गणेश राम यादव के जीवन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. इससे उनके लिए दैनिक कार्य करना आसान होगा, आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी भी पहले की तुलना में अधिक सहज हो सकेगी.




