CG News: सुकमा में करोड़ों के विकास कार्य, रोशनी से लेकर खेल और पर्यटन तक बढ़ेंगी सुविधाएं
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुकमा शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है. वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों से शहर में नागरिक सुविधाओं, खेल, पर्यटन, प्रकाश व्यवस्था और व्यापार से जुड़े कई प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहे हैं. इन योजनाओं के पूरा होने के बाद जिला मुख्यालय सुकमा में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ शहर का स्वरूप भी बदलने की उम्मीद है.
91 लाख से मजबूत होगी रोशनी व्यवस्था
सुकमा शहर में सुरक्षित और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 91 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इसके तहत पुरानी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ जरूरत वाले इलाकों में नई आधुनिक लाइटें लगाई जाएंगी. क्रेडा, ई एंड एम और नगर पालिका परिषद के माध्यम से अलग-अलग कार्य कराए जाएंगे. इससे मुख्य सड़कों के अलावा शहर के अंदरूनी हिस्सों में भी प्रकाश व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है.

युवाओं के लिए खेल और जिम की सुविधा
शहर के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए खेल एवं फिटनेस सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है. करीब 40 लाख रुपये की लागत से बॉक्स क्रिकेट के लिए टर्फ ग्राउंड तैयार किया जा रहा है, जबकि आधुनिक जिम के लिए 30 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं. स्पोर्ट्स ग्राउंड का निर्माण कार्य भी जारी है. इन सुविधाओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और युवाओं को फिटनेस के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे.
5 करोड़ से संवरेगा नकटी तालाब
सुकमा के प्रमुख जलस्रोत नकटी तालाब के विकास की भी योजना तैयार की गई है. करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से तालाब का सौंदर्यीकरण और कायाकल्प किया जाएगा, जिसके लिए कार्यादेश जारी हो चुका है. इसके अलावा कलेक्ट्रेट के सामने लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए तपस्या लाइब्रेरी का निर्माण भी किया जा रहा है.
जनप्रतिनिधियों ने बताया अहम कदम
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शहर में चल रहे विकास कार्यों को सुकमा के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है. पार्षद कांता राठी और विवेक यादव के मुताबिक, स्ट्रीट लाइट, टर्फ ग्राउंड, जिम और नकटी तालाब जैसी परियोजनाओं से नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा. सांसद प्रतिनिधि अरुण सिंह भदौरिया ने भी कहा कि इन योजनाओं से प्रकाश, खेल, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. सभी परियोजनाएं पूरी होने के बाद सुकमा में विकास और रोजगार की नई संभावनाएं तैयार होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: CGPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी, 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया




