CG News: छत्तीसगढ़ के 97 लाख बच्चों के विकास का होगा आकलन, स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण पर बनेगा बाल कल्याण फ्रेमवर्क
CG News: छत्तीसगढ़ में बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार एक नई पहल करने जा रही है. इसके तहत प्रदेश के 97 लाख से अधिक बच्चों के विकास और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ का व्यापक आकलन किया जाएगा. इसके लिए बाल कल्याण फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है. इस व्यवस्था के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ बच्चों तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंच रहा है.

जहां कमी मिलेगी, वहां बढ़ाए जाएंगे संसाधन
इस पहल के जरिए सरकार उन क्षेत्रों की पहचान करना चाहती है, जहां बच्चों के विकास से जुड़ी योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. आकलन में सामने आने वाली कमियों के आधार पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे. जिन इलाकों में स्वास्थ्य, शिक्षा या पोषण की सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता होगी, वहां बजट और अन्य संसाधनों का बेहतर तरीके से उपयोग किया जाएगा. सरकार का विशेष ध्यान बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों पर रहने की संभावना है.
राज्य नीति आयोग की बैठक में तैयार हुई रणनीति
बाल कल्याण फ्रेमवर्क को लेकर नया रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने की. बैठक में यूनिसेफ के वैश्विक और राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए. चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि बच्चों के विकास से जुड़े आंकड़ों के आधार पर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए. इससे यह भी सामने आएगा कि कौन से बच्चे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह रहे हैं और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयासों की जरूरत है.

दो प्रमुख इंडेक्स के आधार पर होगा मूल्यांकन
तैयार किए जा रहे फ्रेमवर्क में बच्चों के विकास को समझने के लिए दो प्रमुख इंडेक्स शामिल किए जाएंगे. पहला आउटकम इंडेक्स होगा, जिसके माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और समग्र विकास की स्थिति का आकलन किया जाएगा. दूसरा अटेनमेंट इंडेक्स होगा, जिसमें यह देखा जाएगा कि बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार जरूरी सुविधाएं और अवसर मिल रहे हैं या नहीं. इन दोनों सूचकांकों से बच्चों की वास्तविक स्थिति और योजनाओं के प्रभाव को समझने में मदद मिलेगी.
पहले एक जिले में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
सरकार इस फ्रेमवर्क को सीधे पूरे प्रदेश में लागू करने के बजाय पहले एक जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करेगी. वहां से मिलने वाले अनुभव और परिणामों के आधार पर इसकी उपयोगिता का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद जरूरत के मुताबिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे. बैठक में बच्चों के लिए आवंटित बजट को जमीनी जरूरतों और वास्तविक परिणामों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई.
12 से अधिक विभाग मिलकर करेंगे काम
इस पूरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए 12 से अधिक सरकारी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा. अलग-अलग विभाग बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी साझा करेंगे. साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा भी की जाएगी. माना जा रहा है कि इस पहल से सरकार को बच्चों के विकास की वास्तविक तस्वीर समझने में मदद मिलेगी. अब देखना होगा कि बाल कल्याण फ्रेमवर्क लागू होने के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने में कितनी प्रभावी भूमिका निभाता है.


One Response